Home > Archived > संकुचित विचार के चलते कांग्रेस लड़ाई से बाहर: शिवराज

संकुचित विचार के चलते कांग्रेस लड़ाई से बाहर: शिवराज

शहडोल। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि आजादी के बाद भाजपा पहली पार्टी है जिसने विकास को राजनीति का माध्यम बनाया। समाज व देश निर्माण के लिए उसने सियासत का परिष्कार किया। श्री चौहान गुरुवार को शहडोल संसदीय क्षेत्र के कोतमा विधानसभा के ग्राम कोठी, जैतपुर विधानसभा के खैरा, मानपुर के चुहरी और बांधवगढ़ के पथरहटा में आयोजित जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि यही कारण है कि कांग्रेस आज न केवल लड़ाई से बाहर है बल्कि जनमानस के चित से भी गायब है। कांग्रेस की नकारात्मक सोच ने उसे कहां से कहां ला दिया। जबकि भाजपा ने अपनी स्थिति बेहद मजबूत बनाते हुए कश्मीर से कन्याकुमारी तक पैर पसारे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश और प्रदेशों में पांच दशक तक सत्ता का एकाधिकार रखा, लेकिन विकास की चिंता नहीं की। किसान को हाशिए पर डालकर उसे ऋणग्रस्त बना दिया जबकि केन्द्र की सत्ता में आते ही भाजपा ने प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना का उपहार देकर ग्रामों में विकास की रोशनी पहुंचायी। नदी जोड़ो योजना के अमल से हर खेत को पानी और हर हाथ को काम का सपना पूरा होगा। सूखा और बाढ़ से निजात मिलेगी।

केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लाकर किसान ने जोखिम में केन्द्र और राज्य सरकारों को हिस्सेदार बनाकर किसान को आर्थिक कवच दिया। मध्यप्रदेश में किसान को जीरो प्रतिशत ब्याज पर कर्ज की व्यवस्था कर 10 प्रतिशत छूट का उपहार दिया। भाजपा की सरकार गांवए गरीबए किसानए मजदूर की सरकार है। श्री ज्ञान सिंह इस क्षेत्र के सांसद चुने जाकर शहडोल क्षेत्र की जनता के कल्याण के लिए केन्द्र, राज्य सरकार और जनता के बीच सेतु साबित होंगे।

उन्होंने शहडोल लोकसभा से भाजपा उम्मीदवार श्री ज्ञान सिंह को जिताने की अपील करते हुए इस बात की गांरटी दी कि क्षेत्र में विकास के चार चांद लगेंगे। रोजगार के अवसरों का सृजन होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवकों को रोजगार के अवसर कौशल विकास की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। स्वरोजगार से जुडक़र नौजवान नौकरी की तलाश में नहीं घूमेंगे।

उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि उसके पास विकास की दृष्टि नहीं है। भाजपा के पास केन्द्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां है। प्रदेश विकास के क्षेत्र में देश में अव्वल है। श्री ज्ञान सिंह का निर्वाचन क्षेत्रीय विकास के लिए जनता की शक्ति बनेगी।

Updated : 11 Nov 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top