Home > Archived > इंदौर में 70 स्थानों पर विसर्जित होंगे श्रीगणेश

इंदौर में 70 स्थानों पर विसर्जित होंगे श्रीगणेश

इंदौर। नगर निगम ने मिट्टी से बनी भगवान गणेश की मूर्तियों के सृजन की व्यवस्था इस बार शहर में ही की है। 70 से अधिक स्थानों पर पर्यावरण हितैषी कुंड बनाए जाएंगे और इनमें मूर्तियां विसर्जित की जा सकेंगी। गंगा, नर्मदा, गंभीर, पुर्णी और कालीसिंध नदी का जल इन कुंडों में रखा जाएगा। जबकि पीओपी से बनी मूर्तियों का विसर्जन जवाहर टेकरी पर होगा।

जवाहर टेकरी पर नगर निगम द्वारा गणेश विसर्जन करने की व्यवस्था की जाती थी परंतु अब इस बार निगम ने 70 कुंड की व्यवस्था की है जिसमें 5 नदियों का जल मिश्रित कर गणपति प्रतिमाएं विसर्जित की जाएंगी। इसके लिए 11 लाख रुपए का खर्च आ रहा है जिसमें 5 नदियों का जल 10 लीटर की केन में लाया जा रहा है। खास बात यह है कि कुंड में केवल मिट्टी के गणपति ही विसर्जित होंगे और प्लास्टर ऑफ पेरिस की प्रतिमाओं को विसर्जित करने के लिए लोग तालाबों में पहुंचेंगे। यहां पर भी प्रदूषण विभाग द्वारा निगरानी रखी जाएगी।

पर्यावरण को बचाने की दृष्टि से नगर निगम, जिला प्रशासन व प्रदूषण विभाग द्वारा पिछले कई दिनों से यह अभियान चलाया जा रहा है जिसमें लोगों को मिट्टी से बनी मूर्तियों का ही उपयोग करने के लिए कहा जा रहा है जिसका असर इस बार देखने को भी मिला।

अधिकांश स्थानों पर लोगों द्वारा मिट्टी की प्रतिमाएं स्थापित की गई। हालांकि कुछ जगह प्लास्टर ऑफ पेरिस की प्रतिमाएं भी स्थापित हुई हैं लेकिन उनकी संख्या पिछली बार की अपेक्षा इस बार काफी कम है। अब नगर निगम द्वारा अनंत चतुर्दशी से गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं।

Updated : 14 Sep 2016 12:00 AM GMT
Next Story
Top