Home > Archived > विकास की मुख्यधारा से जुड़ेगा अटेर क्षेत्र,विश्व विख्यात पर्यटन केन्द्र आगरा से होगा सीधा जुड़ाव

विकास की मुख्यधारा से जुड़ेगा अटेर क्षेत्र,विश्व विख्यात पर्यटन केन्द्र आगरा से होगा सीधा जुड़ाव

अनिल शर्मा/भिण्ड। भिण्ड जिले का बीता माह राजनैतिक, सामाजिक, धार्मिक आयोजन की गतिविधियों भरा रहा, अटेर उपचुनाव के चलते राजनैतिक सरगर्मियां कुछ ज्यादा ही तेज हैं। यहां प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान फूफ कस्बे में आयोजित जिला स्तरीय अंत्योदय मेले में भाग लेने पहुंचे, इस कार्यक्रम में भारत सरकार के केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर समेत प्रदेश सरकार के मंत्री भी शामिल हुए। अंत्योदय मेले की सबसे बड़ी उपलब्धि चंबल नदी पर बनने वाले अटेर-जैतपुरा पुल निर्माण का शिलान्यास है। जो करीब साढ़े छियासठ लाख से निर्मित हो रहा है। इससे अटेर के विकास के द्वार खुलेंगे, वर्षों से उपेक्षित अटेर क्षेत्र भी विकास की मुख्य धारा से जुड़ जाएगा। विश्व में ताज महल के लिए प्रसिद्ध आगरा से अटेर के लोगों का सडक़ मार्ग से अब सीधा संपर्क हो सकेगा। यही नहीं आगरा से आने वाले पर्यटकों का अटेर क्षेत्र में चंबल के बीहड़ व ऐतिहासिक अटेर किला को देखने का अवसर पर्यटकों को मिलेगा, जिससे अटेर की पहिचान प्रदेश में ही नहीं देश में बनेगी, इस पुल निर्माण व पर्यटन के क्षेत्र में अटेर को विकसित करने का श्रेय निश्चित रूप से अटेर के पूर्व विधायक अरविन्द सिंह भदौरिया प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा को जाता है। उनके प्रयास से पूर्व में भी अटेर में चंबल चेलेंज के नाम से भव्य आयोजन हुआ था, जिसमें देश के कोने-कोने से आए पर्यटकों को भिण्ड की माटी व यहां के लोगों से परिचित होने का मौका मिला था।

इन दिनों भिण्ड जिले में प्रदेश सरकार के कई मंत्री भिण्ड प्रवास पर आए और उन्होंने यहां कई सौगातें दी हैं। किसान कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री गौरीशंकर ने दो दिवसीय प्रवास के दौरान चंबल क्षेत्र के बीहड़ों को कृषि योग्य बनाने के लिए 1100 करोड़ रुपए के प्रावधान की जानकारी दी। इस हेतु वैज्ञानिक दलों का पिछले दिनों सांसद डॉ. भागीरथ प्रसाद के प्रयास से अध्ययन दौरा भी हुआ था। जिसमें विदेशी वैज्ञानिक भी अटेर के भरकों में घूमे थे।

प्रदेश के ऊर्जा नवीन एवं नवकरणीय मंत्री पारस जैन भी दो दिन तक भिण्ड प्रवास पर रहे, उन्होंने अटेर क्षेत्र के दुल्हागन गांव में रात्रि विश्राम किया। उन्होंने स्थानीय सर्किट हाउस पर विद्युत अधिकारियों की बैठक ली तथा कहा कि फीडर सेपरेशन के अंतर्गत स्वीकृत किए गए निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए और जो कार्य अभी तक शुरू नहीं हुए हैं उन्हें तत्काल प्रारंभ किया जाए। इस इलाके में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए स्वास्थ्य मंत्री रुस्तम सिंह ने भी दौरा किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाया जाए।

प्रदेश सरकार की योजनाओं के सफल क्रियान्वयन स्वरूप तथा प्रकृति की कृपा से भिण्ड जिले में सरसों की अच्छी फसल है। यहां लहराती सरसों की फसल से किसानों के चेहरे खिले हुए हैं। यहां अटेर, मेहगांव, गोहद, लहार एवं रौन क्षेत्र में सरसों की बंफर पैदावार मिलने की उम्मीद किसानों को है। इस बार जिले के अधिकांश क्षेत्र में सरसों की फसल किसानों ने बोई है, पीला सोना कहा जाने वाली सरसों की फसल किसानों के खेतों में लहलहा रही है। जिले की गोहद तहसील के ग्राम ऐंचाया, पिपरौली, कठुवांहाजी एवं बरथरा क्षेत्र में 26 वर्ष बाद केनाल के माध्यम से पानी किसानों को मिला है। फसलों के लिए अनुकूल मौसम भी अच्छी पैदावार का कारण माना जा रहा है। कृषि वैज्ञानिक डॉ. रूपेन्द्र कुमार के अनुसार मौसम रबी फसल के अनुकूल है, इसलिए अच्छी पैदावार होने की उम्मीद है। जिला प्रशासन की पहल पर कृषि विभाग की आत्मा योजना के अंतर्गत ग्रामीण अंचलों के किसान अपनी खेती को लाभ का धंधा बनाने की दिशा में अच्छा प्रयास कर रहे हैं। मेहगांव क्षेत्र के जैतपुरा निवास किसानों ने दो बीघा जमीन में प्याज की किश्म एग्री फउण्ड डार्क रेड की बोनी कर उसका लाभ उठाया हैं। किसानों द्वारा खेती को लाभकारी बनाने की दिशा में प्याज किश्म की पैदावार से 400 से 500 क्विंटल प्रति हेक्टेयर के मान से प्राप्त कर उन्नति की ओर अग्रसर हो रहे हैं। भिण्ड जिले में सिंचाई सुविधाओं का काफी विस्तार हुआ है। इसी श्रंखला में विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह के प्रयास से शहर के छोलियाना क्षेत्र से चरथर तक तीन किमी के दायरे में सिंचाई विभाग द्वारा 12 करोड़ की योजना तैयार की है। इस योजना से दो हजार से अधिक किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा।

भिण्ड जिले में जिला अस्पताल के कायाकल्प में अस्पताल प्रबंधन ने तकरीबन 167.99 लाख रुपए खर्च किए हैं। इसमें से आधी धनराशि जहां अस्पताल की रोगी कल्याण समिति ने दी है, वहीं आधी राशि जनभागीदारी मद मांग संख्या 60 से व्यय की गई है। भिण्ड जिले में खेल युवक कल्याण विभाग द्वारा खेलो इण्डिया जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ जिसमें जिले के छह विकास खण्ड से करीब 800 खिलाड़ी भाग लेने पहुंचे, इन खिलाडिय़ों की उम्र 14 वर्ष से कम थी। खेल युवक कल्याण विभाग द्वारा आयोजित की गई मुख्यमंत्री कप प्रतियोगिता में जिले के चार खिलाडिय़ों ने नाम रोशन किया है। इन खिलाडिय़ों ने विभिन्न विधा में जीत हासिल कर पुरुष्कार हासिल किए हैं। यह प्रतियोगिता पहले विकास खण्ड स्तर पर फिर जिला स्तर पर खेली गई। इसके बाद विजेता खिलाडिय़ों की टीम को संभाग स्तर पर खेलने के लिए भेजा गया था। जहां जीतने वाले खिलाडिय़ों को राज्य स्तर पर भेजा गया, जिसमें ऊंचीकूद में भिण्ड की अंजली शर्मा ने स्वर्ण पदक हासिल किया। इसी तरह कराटे में आकाश शर्मा व कुश्ती में कृष्णा कटारे तीसरे स्थान पर रहे।

भिण्ड जिले में शहर के लिए बहुप्रतिक्षित सीवर प्रोजेक्ट को नगरीय प्रशासन विकास विभाग की स्टेट लेबिल सेक्शन कमेटी से अंतिम रूप से अनुमति मिल गई है। शहर में सीबर लाइन के पहले चरण के लिए 70 किमी लंबी सीवरलाइन 70 करोड़ रुपए में बिछाई, जाएगी, बीज निगम के फार्म हाउस पर 46 साल पुराने सीवर ट्रीटमेंट प्लांट की जगह पर ही नया प्लांट बनाया जाएगा। सीबर परियोजना शहर के दो लाख से अधिक लोगों को लाभ देगी। इस योजना के क्रियान्वयन में क्षेत्रीय विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह निरंतर प्रयासरत हैं।

भिण्ड जिले में आंदोलनात्मक गतिविधियां भी चलीं जिसमें गोरमी में मुन्नालाल समाधिया की हत्या को लेकर पुलिस की निष्क्रियता व लापरवाही पूर्ण कार्रवाई के कारण जिला मुख्यालय पर हिन्दू संरक्षण समिति द्वारा शांतिपूर्ण सबसे बड़ा प्रदर्शन मौन जुलूस निकालकर किया गया। जिसमें काफी संख्या में लोग जिलेभर से शामिल हुए और यह आंदोलन तहसील स्तर पर भी चल रहा है। आंदोलन की कड़ी में जिला कांग्रेस ने भी नोटबंदी के खिलाफ भिण्ड शहर में प्रदर्शन करते हुए रैली निकाली और कलेक्ट्रेट पहुंचेकर ज्ञापन दिया।

जिला मुख्यालय पर विगत 17 वर्षों से महिला सत्संग मण्डल द्वारा प्रतिवर्ष धार्मिक आयोजन श्रीमद् भागवत कथा कराई जाती है। इस बार तरुण वाटिका में कथा व्यास पं. राधेश्याम शास्त्री द्वारा कथा का वाचन किया जा रहा है। गौरतलब बात यह है कि महिला सत्संग मण्डल द्वारा धार्मिक आयोजन के साथ-साथ समाजसेवा के क्षेत्र में भी अग्रणीय भूमिका निभाई जा रही है। वहीं शहर में बांकेबिहारी समिति द्वारा सामूहिक विवाह आयोनज कर गरीब कन्याओं के हाथ पीले किए गए।

सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्र जिले में कई गतिविधियां हुईं, जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन बिहारी बाल मन्दिर में हुआ, जिसमें जिलेभर के कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन कर जिले को गौरवान्वित किया। सामाजिक क्षेत्र में नवजीवन हितार्थ संस्था द्वारा निरंतर रक्तदान शिविर लगाकर जनसेवा का कार्य किया जा रहा है। इसी श्रंखला में धनवंतरी कॉम्प्लैक्स पर रक्तदान शिविर आयोजित हुआ। गौतम शिक्षा प्रसार समिति द्वारा संचालित दिव्यांग बच्चों के छात्रावास में समाजसेवी शोभित अग्रवाल द्वारा भारत विकास परिषद के माध्यम से बच्चों को गर्म वस्त्र भेंट किए गए।

Updated : 10 Jan 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top