Home > Archived > उत्तर कोरिया के चार जहाजों को सभी बंदरगाहों पर एंट्री को यूएन ने किया प्रतिबंधित

उत्तर कोरिया के चार जहाजों को सभी बंदरगाहों पर एंट्री को यूएन ने किया प्रतिबंधित

उत्तर कोरिया के चार जहाजों को सभी बंदरगाहों पर एंट्री को यूएन ने किया प्रतिबंधित
X

संयुक्त राष्ट्र। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने उत्तर कोरिया में प्रतिबंधित सामान लाने- ले जाने वाले चार जहाजों को अन्य देशों द्वारा अपने बंदरगाहों पर प्रवेश की इजाजत देने पर रोक लगा दी है। उत्तर कोरिया पर प्रतिबंध लागू हो, इसे देख रहे पैनल के प्रमुख ह्यू ग्रिफिथ्स ने को संयुक्त राष्ट्र के सदस्य देशों को बंदरगाह प्रतिबंध की जानकारी दी। चार घंटे तक चले इस सत्र में उत्तर कोरिया के राजनयिक भी मौजूद थे। ग्रिफिथ्स ने बाद में संवाददाताओं को बताया कि संयुक्त राष्ट्र के इतिहास में यह पहली बार हो रहा है जब प्योंगयांग पर पाबंदियों पर नजर रखने वाली सुरक्षा परिषद समिति ने इन जहाजों के सभी बंदरगाहों पर प्रवेश पर रोक लगाई है।

उन्होंने चार मालवाहक जहाजों की पहचान पेट्रेल 8, हाव फान 6, तोंग सान 2 और जी शुन के रूप में की है। समुद्री जहाजों की गतिविधियों पर निगाह रखने वाली एक समुद्री डेटाबेस मैरिन ट्रैफिक के अनुसार पेट्रेल 8 कोमोरोस में पंजीकृत है, हाव फान 6 सेंट कीट्स और नेविस में तथा तोंग सान 2 उत्तर कोरिया में पंजीकृत है। ग्रिफिथ्स ने कहा कि चारों जहाजों को पांच अक्तूबर को प्रतिबंधित सामान ले जाने वाले के रूप में चिन्हित किया गया था।

व्हाइट हाउस ने कहा कि अमेरिका उत्तर कोरिया पर अधिकतम आर्थिक और कूटनीतिक दबाव डालना जारी रखेगा, क्योंकि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सभी विकल्प खुले होने की अपनी नीति पर कायम हैं। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव सारा सैंडर्स ने कहा ट्रंप के पास एक अतुलनीय टीम है और अंतरराष्ट्रीय मंच पर उसने गठबंधन सहयोगियों और दुश्मनों का सामना करके शानदार सफलतायें हासिल की हैं। उन्होंने शुक्रवार (6 अक्टूबर) को कहा, हम उसे करते रहने जा रहे हैं और हम उसे एक टीम के तौर पर करते रहने जा रहे हैं जिसका नेतृत्व राष्ट्रपति कर रहे हैं। उन्होंने कहा, हम उत्तर कोरिया जैसे देशों पर अधिकतम आर्थिक और कूटनीतिक दबाव डालते रहेंगे। हम ऐसा करते रहना जारी रखेंगे लेकिन इसके साथ ही राष्ट्रपति अपने सभी विकल्प खुले रखने जा रहे हैं। हमारी स्थिति नहीं बदली है। यह बेहद तर्कसंगत है।

Updated : 11 Oct 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top