Home > Archived > IND VS NZ T20 :टीम इंडिया ने जीत के साथ नेहरा को दी विदाई, पहले टी-20 में न्यूजीलैंड को 53 रन से हराया

IND VS NZ T20 :टीम इंडिया ने जीत के साथ नेहरा को दी विदाई, पहले टी-20 में न्यूजीलैंड को 53 रन से हराया

IND VS NZ T20 :टीम इंडिया ने जीत के साथ नेहरा को दी विदाई, पहले टी-20 में न्यूजीलैंड को 53 रन से हराया
X


नई दिल्ली। भारतीय टीम ने तेज गेंदबाज आशीष नेहरा को जीत के साथ विदाई देते हुए न्यूजीलैंड को पहले टी-20 में पहली बार मात देते हुए 53 रनों से शिकस्त दी। न्यूजीलैंड के खिलाफ 6 टी-20 मैचों में यह भारत की पहली जीत थी। वहीं, इस मैच के साथ नेहरा का 19 वर्ष का अंतरराष्ट्रीय कैरियर भी समाप्त हो गया। मोहम्मद अजहरूद्दीन के नेतृत्व में 1999 में श्रीलंका के खिलाफ भारत की ओर से पदार्पण करने वाले नेहरा ने 17 टेस्ट, 120 एकदिवसीय और 27 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। उन्होंने टेस्ट मैचों में 44, वनडे में 157 वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय में 34 विकेट चटकाए हैं।

इस मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में रोहित शर्मा और शिखर धवन के 80-80 रनों की बदौलत तीन विकेट के नुकसान पर 202 रन बनाये थे। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 149 रन ही बना सकी।

203 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरूआत अच्छी नहीं रही और मैच के दूसरे ओवर की तीसरी ही गेंद पर 6 रन के कुल स्कोर पर युजवेन्द्र चहल की गेंद पर हार्दिक पांड्या ने एक बेहतरीन कैच लेकर मार्टिन गुप्टिल को पवेलियन भेज दिया। गुप्टिल ने 4 रन बनाये। इसके बाद भुवनेश्वर कुमार ने 18 के कुल स्कोर पर मुनरो को अपनी शानदार यार्कर पर बोल्ड मारकर न्यूजीलैंड को दूसरा झटका दिया। इससे पहले ही ओवर में नेहरा की गेंद पर पांड्या ने मुनरो का कैच छोड़ा था। हालांकि आज नेहरा कुछ दुर्भाग्यशाली भी रहे। उनकी गेंदों पर दो कैच छुटे। पांड्या ने मुनरो का और दूसरा कैच कप्तान कोहली ने विलियमसन का छोड़ा।

10वें ओवर की पहली गेंद पर हार्दिक पांड्या ने कप्तान केन विलियमसन को 54 के कुल स्कोर पर धोनी के हाथों कैच कराकर न्यूजीलैंड को तीसरा झटका दिया। विलियमसन ने 28 रन बनाये। 13वें ओवर में 83 के कुल स्कोर पर अक्षर पटेल की गेंद पर टॉम ब्रूस रोहित शर्मा को कैच देकर चौथे विकेट के रूप में आउट हुए। ब्रूस ने 10 रन बनाये। इसी ओवर की आखिरी गेंद पर कोलिन डी ग्रान्होम 84 के कुल स्कोर शिखर धवन को कैच देकर पांचवें विकेट के रूप में आउट हुए। ग्रान्होम खाता भी नहीं खोल पाये। 94 के कुल स्कोर पर न्यूजीलैंड को छठां झटका लगा। निकोल्स मिडऑन की तरफ गेंद धकेलकर रन लेने के लिए दौड़े, लेकिन वहां मुस्तैद कप्तान कोहली के सीधे थ्रो पर रन आउट हो गये। निकोल्स ने 6 रन बनाये। 99 के कुल स्कोर लैथम को चहल की गेंद पर धोनी ने स्टंप आउट किया। लैथम ने 39 रन बनाये। 17वें ओवर की चौथी गेंद पर 111 के कुल स्कोर पर टीम साउथी को धोनी के हाथों कैच कराकर बूमराह ने न्यूजीलैंड को 8वां झटका दिया। साउथी ने 8 रन बनाये।

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को रोहित और धवन ने भारत को शानदार शुरूआत दिलायी। इन दोनों के ने पहले विकेट के लिए 158 रनों की साझेदारी की। 17वें ओवर की दूसरी गेंद पर ईश सोढ़ी ने धवन को लैथम के हाथों स्टंप कराकर भारत को पहला झटका दिया। धवन ने 80 रन बनाये। सोढ़ी ने एक गेंद बाद सोढ़ी ने हार्दिक पांड्या को लैथम के हाथों कैच कराकर भारत को इसी ओवर में दूसरा झ़टका दिया। पांड्या खाता भी नहीं खोल पाये। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे कोहली ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और अपनी पारी के पहले 6 गेंदों पर 2 छक्के लगाये। 185 के कुल स्कोर पर 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर ट्रैंट बोल्ट की गेंद पर रोहित शर्मा के बल्ले का किनारा लेते हुए गेंद लैथम के दस्ताने में गई। थर्ड अंपायर के फैसले में रोहित को नाट आउट दिया गया। इसके बाद विलियमसन ने रिव्यू लिया, जिसमें रोहित को आउट दिया गया। रोहित ने भी 80 रन बनाये। कोहली 26 और धोनी 7 रन बनाकर नाबाद रहे।

Updated : 1 Nov 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top