Home > Archived > चार दिन बाद उप्र की जेल से रिहा हुए आठ गधे

चार दिन बाद उप्र की जेल से रिहा हुए आठ गधे

चार दिन बाद उप्र की जेल से रिहा हुए आठ गधे
X

-पौधों को क्षति पहुंचाने पर हुई थी सजा
जालौन। अब तक आपने इंसानों को जेल से छूटकर निकलते हुए देखा होगा, लेकिन सोमवार को उत्तर प्रदेश की उरई जिला जेल के गेट पर नजारा कुछ अलग था। दरअसल, यहां एक नेता की सिफारिश पर 4 दिन से जेल में बंद 8 गधों की रिहाई हुई। यहां जेल के अधीक्षक ने पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचाने पर गधों को 24 नवंबर को सलाखों के पीछे भेज दिया था। इसके बाद मालिक इन्हें छुड़ाने के लिए अधिकारियों के चक्कर काटता रहा। बताया जा रहा है कि हार-थककर मालिक ने एक स्थानीय नेता से मदद मांगी। सोमवार को यह नेता मालिक के साथ जेल पहुंचे और अधिकारियोंं से बात की।

इसलिए मिली थी सजा

जेल पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल आरके मिश्रा ने बताया, कुछ दिन पहले अधीक्षक सीताराम शर्मा ने करीब 5 लाख रुपए कीमत के पौधे मंगाए थे। जिन्हें जेल के अंदर लगाया जाना था, लेकिन बाहर घूमने वाले गधों ने सब नुकसान कर दिया। अधिकारियों को इसकी जानकारी मिली तो गधों के मालिक से उन्हें हटाने के लिए कहा। लेकिन उसने ऐसा नहीं किया। मिश्रा ने बताया आखिर में हमें गधों को जेल में बंद करने की सजा देनी पड़ी। मालिक के साथ एक नेता जेल अधिकारियों से मिलने आए थे। इसके बाद गधों को छोड़ा गया।

Updated : 28 Nov 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top