Home > Archived > एलिस पेरी को मिला महिला क्रिकेटर ऑफ द ईयर का पुरस्कार

एलिस पेरी को मिला महिला क्रिकेटर ऑफ द ईयर का पुरस्कार

एलिस पेरी को मिला महिला क्रिकेटर ऑफ द ईयर का पुरस्कार
X

दुबई। ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटर एलिस पेरी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) महिला क्रिकेटर ऑफ द ईयर के लिए दिये जाने वाला "राशेल हेहोई फ्लिंट अवार्ड" जीत लिया है। आईसीसी ने गुरूवार को उक्त घोषणा की। यह पुरस्कार इंग्लैंड की दिग्गज महिला क्रिकेटर हेहोई फ्लिंट की याद में इसी साल से शुरू किया गया है। फ्लिंट इंग्लैंड की विश्व कप विजेता टीम की सदस्य और पूर्व आईसीसी क्रिकेट हॉल ऑफ फेमर थीं, जिनकी मृत्यु इसी वर्ष जनवरी 2017 में 77 वर्ष की उम्र में हो गई थी।

27 वर्षीय हरफनमौला खिलाड़ी पेरी ने सिडनी में इंग्लैंड के खिलाफ एक मात्र एशेज टेस्ट में नाबाद 203 रन बनाए और तीन विकेट लिए। इसके अलावा उन्होंने 19 एकदिवसीय में 905 रन बनाए और 22 विकेट लिए। इसके अलावा उन्होंने चार टी-20 में 28 रन बनाए और चार विकेट भी लिए।

पेरी के अलावा न्यूजीलैंड की सिटर्थवेट ने आईसीसी एकदिवसीय महिला क्रिकेटर ऑफ द ईयर का पुरस्कार जीता। वहीं, ऑस्ट्रेलिया की मूनी ने आईसीसी महिला टी-20 क्रिकेटर ऑफ द ईयर और इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द ईयर का पुरस्कार जीता।

सिटर्थवेट सूजी बेस्ट के बाद न्यूजीलैंड की दूसरी खिलाड़ी हैं,जिन्होंने आईसीसी पुरस्कार जीता है। इससे पहले सूजी ने वर्ष 2013 में आईसीसी महिला क्रिकेटर ऑफ द ईयर और 2015 में आईसीसी महिला एकदिवसीय और टी-20 महिला क्रिकेटर ऑफ द ईयर का पुरस्कार जीता था।

सिटर्थवेट ने 24 एकदिवसीय मैचों में 84.5 की औसत के साथ 1,183 रन बनाए थे, जिसमें चार शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने 20 विकेट भी लिए हैं। वहीं मूनी ने वोटिंग पीरियड के दौरान 7 टी-20 मैचों में 138.5 के स्ट्राइक रेट के साथ 255 रन बनाए हैं। इसी दौरान उन्होंने 14 एकदिवसीय क्रिकेट में 492 रन बनाए। एशेज टेस्ट में उन्होंने 27 रन बनाए थे।

Updated : 21 Dec 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top