Home > Archived > पेहसारी के गेट खुले, तिघरा में 24 घण्टे में पहुंचने लगेगा पानी

पेहसारी के गेट खुले, तिघरा में 24 घण्टे में पहुंचने लगेगा पानी

पेहसारी के गेट खुले, तिघरा में 24 घण्टे में पहुंचने लगेगा पानी
X

-महापौर ने पेहसारी में पूजन कर प्रारंभ किया कार्य
ग्वालियर। शहर में पानी की कमी के कारण ककैट व पेहसारी के माध्यम से तिघरा जलाशय में पानी लाने का कार्य जल संसाधन विभाग द्वारा किया जा रहा है। ककैटो से पेहसारी और पेहसारी से तिघरा में पानी परिवहन करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। पेहसारी से तिघरा में पानी लाने के कार्य का बुधवार को महापौर विवेक शेजवलकर, नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा, जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता एन.पी. कोरी और महापौर परिषद के सदस्यों ने पूजन कर प्रारंभ किया।

महापौर विवेक शेजवलकर ने बुधवार को पेहसारी पहुंचकर पेहसारी बांध के दोनों गेट खोले, जिसके माध्यम से तिघरा जलाशय में पानी लाने का कार्य शुरू हो गया है। तिघरा जलाशय में अगले 24 घण्टे में पानी आने का कार्य प्रारंभ हो जाएगा। ककैटो बांध से पेहसारी बांध में पानी पंपिंग करके लाने का कार्य निरंतर जारी है। पेहसारी बांध से प्रारंभिक तौर पर 20 एमसीएफटी पानी लाने का कार्य चालू किया गया है। तिघरा जलाशय में कुल 1200 एमसीएफटी पानी पहुंचाने का कार्य जल संसाधन विभाग द्वारा किया जाना है। तिघरा जलाशय में पानी पंपिंग के माध्यम से लाने का कार्य माह फरवरी तक निरंतर चलेगा। महापौर श्री नारायण शेजवलकर ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से कहा है कि पानी परिवहन के दौरान निरंतर मॉनीटरिंग की जाए। पानी की चोरी रोकने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएं। उन्होंने किसानों से भी अपील की कि शहर में पानी की कमी के दृष्टिगत पेयजल की समस्या को देखते हुए पानी का उपयोग कृषि कार्य में करने का प्रयास न करें। उन्होंने नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा से भी कहा कि पानी परिवहन के दौरान नगर निगम के अमले को भी पानी परिवहन की मॉनीटरिंग में लगाया जाए।

पानी का दुरुपयोग न हो: निगमायुक्त

नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा ने कहा कि जल संसाधन विभाग के साथ ही राजस्व विभाग, पुलिस और नगर निगम संयुक्त रूप से पानी परिवहन के कार्य की मॉनीटरिंग कर रहा है। पानी परिवहन के दौरान अधिकारियों की टीम निरंतर इस पर निगरानी करेगी। पानी का दुरुपयोग न हो। यह सुनिश्चित किया जाएगा। परिवहन के माध्यम से अधिक से अधिक पानी तिघरा जलाशय में पहुंचे। इसके लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

Updated : 7 Dec 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top