Home > Archived > गंगा की तरह यमुना का करेंगे उद्धार

गंगा की तरह यमुना का करेंगे उद्धार

आगरा। रिवर कनेक्ट अभियान में यमुना के उद्धार को ताजनगरी के यमुना प्रहरियों ने सोमवार को केंद्रीय जल संसाधन व गंगा पुनरुद्धार मंत्री उमा भारती से मुलाकात की। उमा भारती ने गंगा की तरह यमुना को साफ कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने जून में एत्माद्दौला व्यू प्वॉइंट पर होने वाली आरती में शामिल होने की भी सहमति दी है।

रिवर कनेक्ट अभियान के डॉ. देवाशीष भट्टाचार्य व अन्य ने दिल्ली जाकर उमा भारती को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने प्रदूषण संबंधी नीतियों और कानूनों का सख्ती से पालन कराने, बैराज निर्माण, नदी में गिरने वाले नालों को रोकने, नेचुरल सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाने की मांग की। इसके साथ ही यमुना में पॉलीथिन और मूर्तियों के विसर्जन, यमुना किनारे खेती में कीटनाशकों के प्रयोग पर रोक, नदी किनारे अतिक्रमण हटवाने, ड्रेजिंग कराने और पुराने घाटों का पुनर्निर्माण कराने का मुद्दा भी उठाया।

डॉ. देवाशीष भट्टाचार्य ने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने दिल्ली से आगरा तक यमुना किनारे रिवरफ्रंट बनाने की जानकारी दी। इसमें यमुना किनारे एक नाला बनाया जाएगा, जिसमें नालों का गंदा पानी बहेगा। यमुना में गंदे नालों का पानी नहीं जाने दिया जाएगा। दल में मनीष खंडेलवाल, पं. जुगल श्रोत्रिय शामिल थे।

Updated : 11 April 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top