Home > Archived > सरकारी स्कूलों में नि:शुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण प्रवेश उत्सव में होगा

सरकारी स्कूलों में नि:शुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण प्रवेश उत्सव में होगा

भोपाल ब्यूरो। प्रदेश में सर्वशिक्षा अभियान में शिक्षा सत्र 2017-18 में कक्षा एक से 8 तक की सरकारी प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में नि:शुल्क पाठ्य-पुस्तकों का वितरण किया जायेगा। इस संबंध में राज्य शिक्षा केन्द्र ने जिला कलेक्टर्स को निर्देश जारी किये हैं। जिलों में पाठ्य-पुस्तकों का वितरण निश्चित की गई समय सारणी के मुताबिक किये जाने के लिये कहा गया है।

नि:शुल्क पाठ्य-पुस्तकें विकास खण्ड पर 30 अप्रैल तक पाठ्य-पुस्तक निगमद्वारा प्रदाय की जायेगी। विकास खण्ड स्तर पर पुस्तकें प्राप्त होते ही एजुकेशन पोर्टल पर आवंटन की जानकारी की एन्ट्री की जायेगी। शैक्षणिक सत्र 2017-18 के लिये अनुमानित बच्चों के नामांकन की विद्यालय एवं जन-शिक्षा केन्द्रवार सूची एजुकेशन पोर्टल पर उपलब्ध करवायी गई है। पाठ्य-पुस्तकों के परिवहन के संबंध में भी आवश्यक निर्देश जारी किये गये हैं। मराठी पाठ्य-पुस्तकों के संबंध में महाराष्ट्र राज्य पुस्तक निर्मित व अभ्यासक्रम संशोधन मंडल पुणे को अधिकृत किया गया है। मध्यप्रदेश मरदसा बोर्ड के अन्तर्गत पंजीकृत मदरसों में नि:शुल्क पाठ्य-पुस्तक पर्यावरण अध्ययन तथा सामाजिक विज्ञान अध्ययन की पुस्तकें उर्दू माध्यम में, हिन्दी, गणित और विज्ञान की पुस्तकें हिन्दी माध्यम में और अंग्रेजी की पुस्तकें वितरित की जायेगी। पाठ्य-पुस्तक निगम द्वारा मुद्रित पुस्तकों में से 90 प्रतिशत पुस्तक सीधे शालाओं को दी जायेगी तथा 10 प्रतिशत पुस्तकें विकास खण्ड स्तर पर स्टॉक में रखी जायेगी। शिक्षण सत्र 2016-17 में कक्षा 1 से 8 तक 75 लाख 60 हजार छात्रों को नि:शुल्क पाठ्य-पुस्तकें उपलब्ध करवायी गयी थी।

Updated : 18 April 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top