Home > Archived > यमुना एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा के लिए चार चेतक मोबाइल और लगाए

यमुना एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा के लिए चार चेतक मोबाइल और लगाए

मथुरा। नोएडा से आगरा तक जाने वाले यमुना एक्सप्रेस-वे पर बढ़ती अपराधिक घटनाओं के मद्देनजर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने एक्सप्रेस वे की चौकी पर दो सिपाही बढ़ाने के साथ ही 4 चेतक मोबाइल यहां की सुरक्षा के लिए और लगा दिए है।

बताते चले कि यमुना एक्सप्रेस वे पर आए दिन लूट की वारदातों से वाहनों की संख्या में कमी आई है। यमुना एक्सप्रेस वे का सबसे बड़ा हिस्सा जनपद में ही आता है इसमें मांट, सुरीर, नौहझील, बल्देव, राया, जमुनापार व महावन थानों की सीमाएं पड़ती है। यहां पर बढ़ते अपराधों को देख पूर्व में यमुना एक्सप्रेस वे पर चौकी की स्थापना की गई जिससे अपराधों पर अंकुश लग सके। चौकी पर एक दरोगा व 18 सिपाहियों की तैनाती की गई लेकिन समस्या जस की तस रही।
यमुना एक्सप्रेस वे बनाने वाली कम्पनी जेपी ग्रुप ने अपनी टीम बुलेरो गाडिय़ां पुलिस को इस रोड पर सुरक्षित व्यवस्था मजबूत करने के लिए दी। इसके बाद डायल 100 व सीबीआर की तीन-तीन गाडिय़ां भी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा यहां की सुरक्षा के लिए लगाई गई लेकिन रोड काफी लम्बा है और यह सुरक्षा इस रोड के लिहाज से नाकाफी है। मथुरा जनपद में यमुना एक्सप्रेस वे से करीब दो दर्जन कट निकलते है यह वो कट है जहां से अपराधी अपराध करने के बाद आसानी से फरार हो जाता है।

यमुना एक्सप्रेस वे पर पडऩे वाले सातों थानों की पुलिस को अपने-अपने क्षेत्र में गश्त करने को अधिकारियों द्वारा कई बार कहा गया लेकिन पुलिस ने चेकिंग के लिए भी अपना ही कानून बना डाला। इन थानों ने आपस में तय कर सप्ताह में एक-एक दिन की ड्यूटी तय कर ली, प्रत्येक दिन एक थाने से एक दरोगा व तीन सिपाही लगाए जा रहे हैं जबकि दो दर्जन से ज्यादा संवेदनशील पांइट है। ऐसे में एक दरोगा व तीन सिपाही क्या गश्त करते होंगे। कुल मिलाकर रफ्तार के इस बड़े प्रोजेक्ट की सुरक्षा नाकाफी है। सर्विस रोड पर तो पुलिस नजर ही नहीं आती।
अब वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहित गुप्ता ने बताया कि एक्सप्रेस-वे पर 4 चेतक मोबाइल टीम लगा दी गई है, इसके अलावा यहां की चौकी पर दो सिपाही और बढ़ा दिए गए। मोबाइल टीमें उन कट पर लगाई जाएंगी, जहां से बदमाशों के घटना कर भागने की संभावना अधिक रहती है। मसलन, राया कट, वृंदावन कट प्रमुख हैं। साथ ही सर्विस रोड पर भी यह नजर रखेंगे। इसके अलावा एक्सप्रेस-वे पर चौकी पर सिपाहियों की संख्या 18 से बढ़ाकर 20 कर दी गई है। एसएसपी ने बताया कि यमुना एक्सप्रेस-वे पर गश्ती वाहनों में 6 डायल 100 की गाडिय़ां, 3 यमुना एक्सप्रेस-वे की व 1 चौकी की गाड़ी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पूरे यमुना एक्सप्रेस वे की सुरक्षा का खाका तैयार किया जा रहा है और यहां पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।

Updated : 21 April 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top