Home > Archived > राजस्व मंडल को बनाया जाएगा प्रभावी: मुख्यमंत्री

राजस्व मंडल को बनाया जाएगा प्रभावी: मुख्यमंत्री

भोपाल, ब्यूरो। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को मंत्रालय में राजस्व मंडल की कार्य-प्रणाली की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मंडल की कार्य-प्रणाली में संगठनात्मक सुधार लाने और इसे सशक्त बनाने के लिये एक सप्ताह में विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि राजस्व मंडल राजस्व न्याय प्रणाली की शीर्ष संस्था है।

इसे प्रभावी बनाने के लिए कदम उठाए जाएंगे। इसमें संगठनात्मक सुधार करते हुए इसकी न्यायिक और प्रशासनिक शक्तियों को बढ़ाने पर भी विचार किया जाएगा। राज्य भूमि सुधार आयोग के अध्यक्ष इंद्रनील शंकर दाणी ने मुख्यमंत्री को भूमि और राजस्व प्रशासन में सुधार करने के लिये प्रतिवेदन सौंपा। प्रतिवेदन में राजस्व प्रशासन को और ज्यादा सुदृढ़ बनाने और संगठनात्मक रूप से मजबूत बनाने के संबंध में अनुशंसाएँ की गई हैं। प्रतिवेदन में बिहार, तमिलनाडु, राजस्थान, आंध्रप्रदेश और महाराष्ट्र राज्यों के राजस्व प्रशासन का तुलनात्मक अध्ययन करते हुए विकल्प सुझाये गए हैं। बैठक में मुख्य सचिव बी पी सिंह, प्रमुख सचिव राजस्व अरुण पाण्डे और संबंधित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Updated : 25 April 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top