Home > Archived > अरे वाह! भोपाल, इंदौर में मौसम सुहावना

अरे वाह! भोपाल, इंदौर में मौसम सुहावना

भोपाल/इंदौर। मध्यप्रदेश में इन दिनों मौसम पूरी तरह बदल गया है। मंगलवार को राजधानी भोपाल समेत कई इलाकों में सुबह से आसमान में बादल डेरा जमाए हुए हैं और तेज हवाएं चल रही हैं, जिससे मौसम में ठंडक घुल गई है। हालांकि हवाएं बीते तीन दिनों से चल रही है, जिससे तापमान में गिरावट आई है और पारा सामान्य से भी नीचे आ गया है। राजधानी भोपाल में सुबह धूप के साथ-साथ आसमान में बादल छाए, जिससे सुबह 11 बजे तापमान 35 डिग्री तक ही पहुंचा, जबकि तीन दिन पहले इस समय तक 40 डिग्री तक पहुंच गया था।

मौसम विभाग का कहना है कि भोपाल का तापमान 39 डिग्री तक रहने का अनुमान है। वहीं, इंदौर में मंगलवार सुबह 10 बजे तापमान 30 डिग्री दर्ज हुआ। जबकि अधिकतम तापमान 37 डिग्री तक जा सकता है। विभाग का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक तापमान 40 डिग्री के नीचे रहेगा। बता दें कि माह के पहले व दूसरे सप्ताह में गर्मी ने अपने कड़े तेवर दिखाए हैं। मार्च अंत और अप्रैल के पहले-दूसरे सप्ताह में भीषण गर्मी पड़ी और पारा 42 से 43 डिग्री तक पहुंच गया।

मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल तापमान नहीं बढ़ेगा। ठंडी हवा के चलते अधिकतम तापमान 04 से 05 डिग्री नीच रहेगा। सोमवार के दिन का तापमान सामान्य से 04 डिग्री नीचे अर्थात 36 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं रात का तापमान भी 21.5 डिग्री रहा। आज सुबह 10 बजे तापमान 30 डिग्री दर्ज हुआ। दिन का तापमान 37 डिग्री तक रहेगा। अगले एक सप्ताह तक तापमान 39 डिग्री तक जा सकता है। लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल रही है। कूलर, पंखे भी रात में कम ही चलाए जा रहे हैं।

Updated : 25 April 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top