Home > Archived > मोदी ने वैश्विक परिदृश्य में भारत को सशक्त बनाया

मोदी ने वैश्विक परिदृश्य में भारत को सशक्त बनाया

मोदी ने वैश्विक परिदृश्य में भारत को सशक्त बनाया
X

भारतीय विदेश नीति पर दो दिवसीय राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी प्रारंभ

ग्वालियर। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय नई दिल्ली के प्राध्यापक डॉ. स्वर्ण सिंह ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विदेश नीति में कई मामलों में नेहरू जी की विदेश नीति परिलक्षित होती है। मोदी जी में मुख्य रूप से अपनी सोच के प्रति प्रतिबद्धता दिखाई देती है। मोदी जी ने वैश्विक परिदृश्य में भारत की स्थिति सशक्त की है। वहीं मुख्य अतिथि स्वदेश के समूह संपादक अतुल तारे ने कहा कि विश्व शांति और सह अस्तित्व भारत की संस्कृति में है। जो बात वसुधैव कुटुम्बकम में कही गई है। भारत ने इसे सदैव से अपनाया है। नेहरू जी की विदेश नीति रही हो या अब मोदी जी की, दोनों की ही विदेश नीति भारतीय संस्कृति के ही अनुकूल है। भारत ने दूसरे देशों की सीमाओं का कभी अतिक्रमण नहीं किया क्योंकि सर्वे भवंतु सुखिन: भारत के मूल में है। इसके लिए उन्होंने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम को उदाहरण के रूप में प्रस्तुत करते हुए कहा कि श्रीराम ने लंका पर विजय प्राप्त करने के बाद लंका पर अपना अधिपत्य नहीं जमाया और विभीषण का राज तिलक कर दिया।

अतिथि द्वय ने यह बात शनिवार को भारत की 70 सालों की विदेश नीति का विश्लेषण करते हुए जीवाजी विश्वविद्यालय के राजनीति एवं लोकप्रशासन अध्ययनशाला और शांति, विकास एवं सांस्कृतिक एकता परिषद के संयुक्त तत्वावधान में ‘भारतीय विदेश नीति नेहरू से मोदी’ विषय पर आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कही। इससे पहले विषय प्रवर्तन अध्ययनशाला के अध्यक्ष प्रो. ए.पी.एस. चौहान ने किया। प्रो. स्वर्ण सिंह ने कहा कि मोदी जी का विदेश नीति पर विशेष ध्यान है। हम उनकी सोच से सहमत या असहमत हो सकते हैं, लेकिन हमें यह तो मानना ही पड़ेगा कि उनकी सोच कमाल की है। उनकी सोच को नेहरू जी से जोड़कर इसलिए देखा जा रहा है क्योंकि दोनों की सोच में काफी समानता है। भारत के 70 साल के इतिहास में नेहरू जी के बाद मोदी जी दो ही सशक्त नेता नजर आते हैं। मोदी जी ने एक महान शक्ति के रूप में भारत के दावे को पूरी प्रखरता के साथ विश्व समुदाय के समक्ष रखा है। यह भी उल्लेखनीय है कि मोदी काल में ही एक परिवर्तनकारी विदेश नीति की नींव रखी जा रही है।

मुख्य अतिथि अतुल तारे ने कहा कि आज पूरे विश्व में ग्लोबलाइजेशन की बात हो रही है कि पूरा विश्व एक गांव है, लेकिन भारत की संस्कृति में यह प्रारंभ से ही मूलभूत तत्वों में निहित है। भारतीय संस्कृति में विश्व को कभी बाजार के रूप में नहीं देखा। जबकि ग्लोबलाइजेशन में विश्व को बाजार के रूप में देखा जाता है। भारत हमेशा से वसुधैव कुटुम्बकम को महत्व देता रहा है। यही भावना भारत की विदेश नीति की निरंतरता के रूप में प्रकट होती है। नेहरू जी ने इसी का पालन किया और अब मोदी जी भी इसी का पालन कर रहे हैं। मोदी जी ने अपने शपथ समारोह में ही सार्क नेताओं को आमंत्रित कर यह संकेत दे दिए थे कि उनकी विदेश नीति कैसी होगी। नई बात यह है कि मोदी जी ने राष्ट्रीय हितों को लेकर अंतर्राष्ट्रीय मंच पर मजबूती के साथ भारत का पक्ष रखा है। श्री तारे ने कहा कि पिछले दस साल पीछे जाएं तो विदेश नीति आंतरिक परिस्थितियों से प्रभावित और कुछ लचर रही। मोदी जी ने इजरायल की यात्रा की। वे भारत के ऐसे पहले प्रधानमंत्री हैं, जो इजराइल पहुंचे। ऐसा भी नहीं है कि उन्होंने फिलिस्तीन की समस्याओं और दिक्कतों को अनसुना किया हो। निश्चित रूप से आने वाले समय में मोदी जी की इस अद्भुत इच्छा शक्ति के सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। आने वाला समय भारत का है। भारत की सदी है। इसमें आप जैसे शोधार्थियों की बड़ी भूमिका रहने वाली है। उन्होंने इस बात को लेकर लोगों को आगाह भी किया कि विदेश नीति को लेकर बयानबाजी में गंभीरता का अभाव अत्यंत नकारात्मक प्रभाव छोड़ सकता है। उद्घाटन सत्र में महारानी लक्ष्मीबाई महाविद्यालय से सेवानिवृत्त प्राध्यापक एवं व्हेनसेन विश्वविद्यालय दक्षिण कोरिया के फेलो प्रो. बी.एस. अग्रवाल का अंतर्राष्ट्रीय अध्ययन के क्षेत्र में महती योगदान के लिए सम्मान किया गया। उद्घाटन सत्र के अंत में संगोष्ठी के संयोजक तथा शांति, विकास एवं सांस्कृतिक एकता परिषद के सचिव डॉ. एम.पी. मोदी ने सभी का आभार व्यक्त किया।

बहुआयामी है मोदी जी की विदेश नीति

उद्घाटन सत्र के पश्चात जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय नई दिल्ली के डॉ. नलिन महापात्रा ने भारतीय सुरक्षा के विभिन्न पक्ष एवं प्रधानमंत्री मोदी विषय पर विशेष सत्र में व्याख्यान दिया। उन्होंने बताया कि मोदी जी की विदेश नीति बहुआयामी है, जिनमें सहयोग, शक्ति और समन्वय के तत्व उपस्थित हैं। आज की विदेश नीति भारत के प्राचीन गौरव को पुनसर््थापित करने को अग्रसर है। डॉ. महापात्रा ने यह तथ्य भी रेखांकित किया कि भारत एक सभ्यतामूलक राष्ट्र है। आज इस देश को मोदी जी प्रभावी नेतृत्व प्रदान कर रहे हैं। मोदी जी विदेशी दबावों का भी डटकर मुकाबला कर रहे हैं और भारत की विदेश नीति को पूर्ण रूपेण स्वतंत्र रूप से संचालित कर रहे हैं। संगोष्ठी के प्रथम तकनीकी सत्र की अध्यक्षता विक्रम विश्वविद्यालय की डॉ. दीपिका गुप्ता ने एवं संचालन डॉ. नीरज कुमार झा ने किया। इस सत्र में चीन की दो शोध छात्राओं एवं डॉ. रमेश भारद्वाज सहित लगभग 10 शोध पढेÞ गए। द्वितीय तकनीकी सत्र की अध्यक्षता मुम्बई विश्वविद्यालय के डॉ. लियाकत खान ने एवं संचालन डॉ. डी.के. सिंह ने किया। डॉ. खान ने भारत की समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने में मोदी जी की भूमिका को रेखांकित किया। इस सत्र में डॉ. अनुपम गुप्ता सहित अन्य विद्वानों ने शोध-पत्रों का वाचन किया। शोध संगोष्ठी के दूसरे दिन 16 जुलाई रविवार को लियाकत खान एवं डॉ. सुधीर सिंह के व्याख्यान होंगे। आज की शोध संगोष्ठी में विशेष रूप से उपस्थित थे।

Updated : 16 July 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top