Home > Archived > शिमला की तर्ज पर फूलबाग क्षेत्र को विकसित करें

शिमला की तर्ज पर फूलबाग क्षेत्र को विकसित करें

शिमला की तर्ज पर फूलबाग क्षेत्र को विकसित करें
X

-जिलाधीश ने पर्यटन अधिकारियों के साथ किया स्थल निरीक्षण

ग्वालियर। पर्यटन की दृष्टि से शहर के हृदय स्थल फूलबाग क्षेत्र के बैजाताल, इटालियन गार्डन, बारादरी, गोपाल मंदिर को सम्मिलित करते हुए सम्पूर्ण क्षेत्र में एक साथ विकास कार्य प्रारंभ किए जाएं। इसके लिए पर्यटन विकास निगम, स्मार्ट सिटी प्रोजक्ट और नगर निगम तीनों एजेंसियां एक साथ कामों को हाथ में लें, जिससे इस हैरीटेज जोन को जल्द से जल्द विकसित किया जा सके। इसे शिमला, मनाली के मालरोड की तर्ज पर विकसित किया जाना चाहिए।

यह बात जिलाधीश राहुल जैन ने भारत पर्यटन विकास निगम द्वारा स्वदेश दर्शन योजना के अंतर्गत ग्वालियर के लिए स्वीकृत किए गए 26 करोेड़ के विकास कार्यों की समीक्षा और स्थल निरीक्षण के दौरान कही। जिलाधीश ने कहा कि ग्वालियर एतिहासिक और पुरातात्विक दृष्टि से समृद्ध शहर है। यहां आजादी के पूर्व के पुरातात्विक महत्व के भवन और संरचनाएं हैं, जिन्हें संरक्षित किए जाने की आवश्यकता है। यह क्षेत्र देशी और विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने में सक्षम है। इस दौरान उन्होंने बैजाताल, ग्रामीण हाट बाजार, बारादरी, इटालियन गार्डन, लक्ष्मीबाई स्मारक स्थल आदि स्थानों का निरीक्षण किया और यहां व्यवस्थित विकास की बात कही।

स्थल निरीक्षण से पूर्व जिलाधीश ने अधिकारियों के साथ होटल तानसेन में ग्वालियर-चम्बल हैरीटेज सर्किट के अंतर्गत भारत सरकार द्वारा स्वीकृत कार्यों का प्रजेन्टेशन देखा। भ्रमण के दौरान जिलाधीश के साथ नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नीरज कुमार सिंह, एसडीएम महीप तेजस्वी, रिंकेश वैश्य, विजयराज, पर्यटन विकास निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक व कार्यपालन यंत्री, कंसल्टेंट व नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारी शामिल थे।

Updated : 5 July 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top