Home > Archived > यूपी पूर्व सीएम अखिलेश की गिरफ्तारी के विरोध में सपाईयों ने किया प्रदर्शन

यूपी पूर्व सीएम अखिलेश की गिरफ्तारी के विरोध में सपाईयों ने किया प्रदर्शन

यूपी पूर्व सीएम अखिलेश की गिरफ्तारी के विरोध में सपाईयों ने किया प्रदर्शन
X

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की गुरुवार को औरैया जाने के दौरान उन्नाव में हुई गिरफ्तारी के विरोध में सपाईयों ने राजधानी के हजरतगंज चौराहे पर जाम लगाकर जमकर प्रदर्शन किया। आक्रोशित पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाया और चेतावनी देते हुए कहा कि अगर राष्ट्रीय अध्यक्ष को तत्काल बाईज्ज़त बरी नहीं किया गया, तो प्रदर्शन उग्र रूप में होगा। प्रदर्शनकारियों ने विरोध स्वरूप पुलिस को गिरफ्तारी दी।

इस दौरान प्रदर्शन कर रहीं महिला सभा की प्रदेश उपाध्यक्ष विभा शुक्ला ने कहा कि योगी सरकार प्रजातंत्र की हत्या कर रही है। सरकार ने तानाशाही दिखाते हुए अखिलेश यादव को औरैया जाने से रोक उन्हें गिरफ्तार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि योगी सरकार बेरोजगारों, किसानों, गरीबों की सरकार के रूप में राज्य में चुनी गई और अब वह तानाशाही रूप में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जाति के नाम पर लोगों को सरकार ने ठगा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर आज ही अखिलेश यादव को बाईज्जत बरी नहीं करती है तो प्रदर्शन बड़े स्तर पर पूरे प्रदेश में होगा।

गौरतलब हो कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को गुरूवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया। अखिलेश यादव गुरूवार सुबह औरैया जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें उन्नाव में गिरफ्तार कर लिया। उनके साथ दर्जन भर सपा एमएलसी को भी हिरासत में लिया गया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उन्हें धौरा के कृषि विज्ञान केंद्र ले गई। एमएलसी संतोष यादव, राजेश यादव और आनंद भदौरिया को भी हिरासत में लिया गया। अखिलेश पूर्व विधायक प्रदीप यादव से मुलाकात करने औरैया जा रहे थे, जिन्हें बुधवार को हंगामा व मारपीट करने के आरोप में अवाना पुलिस ने हिरासत में ले लिया था।

Updated : 17 Aug 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top