Home > Archived > ग्वालियर की करिश्मा महिला हॉकी टीम में दूसरी बार

ग्वालियर की करिश्मा महिला हॉकी टीम में दूसरी बार

ग्वालियर की करिश्मा महिला हॉकी टीम में दूसरी बार
X

ग्वालियर। ग्वालियर महानगर की करिश्मा यादव ने भारतीय महिला हॉकी टीम में दूसरी बार जगह बनाकर इतिहास रच दिया है। यह दूसरा मौका है जब सीनियर लेवल पर ग्वालियर की कोई महिला हॉकी खिलाड़ी देश का प्रतिनिधित्व करेगी। इससे पहले वर्ष 2016 में आॅस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय टीम में करिश्मा यादव का ही चयन किया गया था। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित मप्र राज्य महिला हॉकी अकादमी ग्वालियर की सेंटर हाफ खिलाड़ी करिश्मा का चयन 15 दिवसीय यूरोप दौरे के लिए 18 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम में किया गया है।

करिश्मा ने स्वदेश से बातचीत करते हुए कहा मैं जूनियर लेवल पर कई बार खेल चुकी हूं। लेकिन यह अनुभव बिल्कुल नया होगा। दूसरी बात ग्वालियर के लोगों की मुझसे जो उम्मीदें हैं उनको भी अपने उम्दा प्रदर्शन से पूरा करना है। दर्पण कॉलोनी स्थित मेहरा गांव ग्वालियर की रहने वाली करिश्मा यादव ने अपने चयन की खुशी जाहिर करते हुए कहा कि, खिलाड़ी के दो लक्ष्य होते हैं पहला खुद को साबित कर टीम में जगह बनाना। दूसरा प्रदर्शन इतना अच्छा होना चाहिए जिस पर देश को गर्व हो। यूरोप दौरे पर यही कोशिश रहेगी कि लोग मेरे खेल पर गर्व कर सकें। उन्होंने कहा, सीनियर खिलाड़ियों के बीच कैम्प में काफी प्रोत्साहन मिला। हां थोड़ा बहुत कम्यूनिकेशन का गेप लग रहा था वह भी साथ रहते हुए दूर हो गया है। सुश्री यादव ने बताया ग्वालियर अकादमी के कोच परमजीत सर द्वारा करवाई मेहनत और उनके द्वारा दिए गए टिप्स का ही नतीजा है कि मैं इस सफर को तय कर रही हूं। अकादमी से पूर्व हॉकी की शुरूआत दर्पण मैदान से की थी, उस समय अविनाश भटनागर सर ने मुझे इस खेल की बारीकियां सिखाईं।

Updated : 24 Aug 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top