Home > Archived > भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्र पांडेय आज पहुंचेंगे लखनऊ

भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्र पांडेय आज पहुंचेंगे लखनऊ

भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्र पांडेय आज पहुंचेंगे लखनऊ
X

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डा. महेन्द्र नाथ पाण्डेय आज लखनऊ पहुंचकर अपना पद भार ग्रहण करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद पहली बार लखनऊ आ रहे डा. पाण्डेय के जोरदार स्वागत के लिए पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं पूरी तैयारी की है।

डा. पाण्डेय थोड़ी देर में अमौसी हवाई अड्डे पर पहुंचने वाले हैं। भाजपा प्रदेश इकाई के पदाधिकारी, मंत्रीगण, सांसद व विधायक तथा भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उनकी आगवानी के लिए हवाई अड्डे पहले से ही पहुंच चुके हैं।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष हवाई अड्डे से वह पार्टी कार्यालय जायेंगे। इस दौरान चिल्लाॅवा मोड़, अवध चैराहा, गीता पल्ली, पेट्रोल पम्प, वीवीआईपी, कालीदास चैराहा, सिविल अस्पताल, अम्बेडकर प्रतिमा, गांधी प्रतिमा, पटेल प्रतिमा समेत करीब डेढ़ दर्जन स्थानों पर नये प्रदेश अध्यक्ष का कार्यकर्ता लोग जोरदार स्वागत करेंगे। इस दौरान डा. पाण्डेय महापुरूषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण भी करेंगे।

पार्टी प्रवक्ता मनीष शुक्ला के अनुसार डा. पाण्डेय अपराह्न करीब चार बजे पार्टी कार्यालय पहुंचेंगे, जहां प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डा. दिनेश शर्मा, कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही, पूर्व अध्यक्ष गण ओमप्रकाश सिंह, विनय कटियार, डा. रमापतिराम त्रिपाठी, डा. लक्ष्मीकांत बाजपेई और प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल, मुख्यालय प्रभारी भारत दीक्षित, प्रदेश उपाध्यक्ष राजवीर सिंह समेत तमाम वरिष्ठ नेता उनका स्वागत करेंगे।

भाजपा के नये प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत के लिए पार्टी संगठन और कार्यकर्ताओं की तरफ से जोरदार तैयारियां हुई हैं। पार्टी कार्यालय को भी नये अध्यक्ष की आगवानी के लिए विशेष तरह से सजाया गया है। हवाई अड्डे से लेकर भाजपा कार्यालय तक की सड़क को होर्डिंग, पोस्टर और बैनर से पाट दिया गया है।

गौरतलब है कि चंदौली के सांसद डा. महेंद्र नाथ पाण्डेय को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने गुरुवार को प्रदेश भाजपा का नया अध्यक्ष नियुक्त किया। इससे पहले डा. पाण्डेय केंद्र की मोदी सरकार में मानव संसाधन विकास मंत्रालय राज्य मंत्री थे। उन्हें निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य का स्थान पर नियुक्त किया गया है। दरअसल केशव के प्रदेश में उप मुख्यमंत्री बनने के बाद से ही पार्टी को उत्तर प्रदेश में नये अध्यक्ष की तलाश थी।

Updated : 4 Sep 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top