Home > Archived > शहर में हर जगह गंदगी, ऐसे तो स्मार्ट हो गया ग्वालियर

शहर में हर जगह गंदगी, ऐसे तो स्मार्ट हो गया ग्वालियर

शहर में हर जगह गंदगी, ऐसे तो स्मार्ट हो गया ग्वालियर
X

स्वच्छता अभियान को पलीता लगा रहा निगम, रोगों को न्यौता दे रहे कूड़े के ढेरग्वालियर,न.सं.। शहर में स्वच्छता अभियान को नगर निगम ही पलीता लगा रहा है। जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर सफाई व्यवस्था की पोल खोल रहे हैं। यह गंदगी मलेरिया व अन्य खतरनाक रोगों को न्यौता दे रही है। वहीं सरकार के सख्त आदेशों व तमाम शिकायतों के बावजूद निगम प्रशासन हाथ पर हाथ धरे बैठा है। दूसरी ओर गंदगी से शहरवासी परेशान हैं।

शहर में इन दिनों स्वच्छता अभियान जोर-शोर से चलाया जा रहा है। आज भी शहर के हर कोने में गंदगी और कूड़े का अंबार लगा है। भारी भरकम अमले के बावजूद निगम शहर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने में नाकाम साबित हो रहा है। कई स्थानों पर कूड़े से नालों को पाट दिया गया है, जिसके कारण सड़क पर गंदा पानी फैल रहा है। इसके कारण लोगों का राह चलना मुश्किल हो गया है। यह स्थिति तब है जब ग्वालियर को स्मार्ट सिटी बनाने की कवायद चल रही है।
शहर के वार्ड 65 में सफाई व्यवस्था ठप्प पड़ी हुई है। वार्ड 65 गड्ढे वाले मोहल्ले के लोगों को गंदगी के बीच रहना पड़ रहा है। हालत यह है कि मोहल्ले में सीवर लाईन का कार्य पूरा होने के बाद सड़क खुदी हुई पड़ी है। जिसके चलते स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क खुदने के साथ-साथ वहां जलभराव के कारण गंदगी ने विशाल रूप ले लिया है। गंदगी के चलते स्थानीय लोगों में जनप्रतिनिधियों के प्रति भारी आक्रोश भरा हुआ है।

सड़क में भरा पानी, स्कूली बच्चे परेशान:- वार्ड 65 के गिर्राज कॉन्वेंट स्कूल वाली गली में कच्ची सड़क पर पानी भरे होने से सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चों को पानी में से होकर निकलना पड़ रहा है। वहीं स्कूल के सामने खाली पड़े प्लॉट में कचरे का ढेर लगा हुआ है। जिसके चलते पास में रह रहे परिवारों और स्कूली बच्चे विभिन्न बीमारियों से ग्रसित हो रहे हैं।

नालियां टूटी पड़ी हैं, सड़कों पर बहता है पानी

शायद ही कोई मोहल्ला हो जहां नालियों की अच्छी स्थिति हो। हर मोहल्ले की नालियां टूटी हुई और जर्जर हैं। नालियों का गंदा पानी शहर में हर जगह सड़क पर बहता है। वार्ड 65 के ढोकरपुरा में खुदी पड़ी सड़क, पानी में सराबोर होकर लोगों को आना जाना पड़ता है।

निगम अधिकारियों को कोस रहे हैं स्थानीय लोग

नगर निगम की लाख कोशिशों के बावजूद भी शहर की सफाई व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रही है। यूं तो कहने को निगम में 2000 से अधिक सफाई कर्मचारी काम कर रहे हैं लेकिन गंदगी से अटे कूड़े के ढेर के ढेर को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि शहर के सफाई कर्मचारी निगमायुक्त के आदेशों को महत्व नहीं दे रहे हैं। जगह-जगह लगे गंदगी के ढेरों से उठती दुर्गंध ने शहरवासियों का जीना मुहाल कर दिया है। नाक पर रूमाल रखकर शहर की सड़कों से निकलते बदबू से परेशान लोग कभी निगम के अधिकारियों को तो कभी क्षे़त्र के जन प्रतिनिधियों को कोसते नजर आते हैं।

Updated : 16 Jan 2018 12:00 AM GMT
Next Story
Top