Home > Archived > पाकिस्तान ने 147 भारतीय मछुआरों को रिहा किया

पाकिस्तान ने 147 भारतीय मछुआरों को रिहा किया

पाकिस्तान ने 147 भारतीय मछुआरों को रिहा किया
X

इस्लामाबाद। पाकिस्तान ने अपने जल क्षेत्र में कथित तौर पर मछली पकडऩे को लेकर 8 माह पहले से कराची की एक जेल में रखे गए 147 भारतीय मछुआरों को रविवार को रिहा कर दिया। मीडिया में आई एक खबर में यह दावा किया गया है। इस्लामाबाद में पुलिस ने इस बात की पुष्टि की है कि सद्भावना के तहत कराची में मछुआरों को रिहा किया गया।

उन्हें लाहौर ले जाया जाएगा और सोमवार को वाघा सीमा पर भारतीय अधिकारियों को सौंपा जाएगा। गौरतलब है कि दिसंबर में पाकिस्तान के विदेश कार्यालय प्रवक्ता मोहम्मद फैसल ने घोषणा की थी कि करीब 300 भारतीय मछुआरों को 8 जनवरी तक दो चरणों में रिहा किया जाएगा।

इससे पहले, 28 दिसंबर को पाकिस्तान ने प्रथम समूह के तौर पर 145 भारतीय मछुआरों को रिहा किया था, जो इसी तरह के आरोप में वहां कैद रखे गए थे। डॉन की खबर के अनुसार 147 मछुआरों को वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मछुआरे कराची छावनी स्टेशन से आज लाहौर पहुंचेंगे।

वहां से वे लोग वाघा सीमा पार करेंगे और घर लौटेंगे। कराची के मलीर जेल अधिकारियों के हवाले से यह कहा गया है। उन्होंने बताया कि मछुआरों की यात्रा का खर्च एधी फाउंडेशन उठाएगा।

यह पाकिस्तान स्थित गैर लाभकारी कल्याण संगठन है। जेल अधीक्षक हसन सेहतो ने कहा कि करीब 262 भारतीय मछुआरे मलीर जेल में अब भी हैं। एक दूसरे के जल क्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकडऩे को लेकर पाकिस्तान और भारत के मछुआरे अक्सर ही हिरासत में ले लिए जाते हैं।

Updated : 8 Jan 2018 12:00 AM GMT
Next Story
Top