Home > Archived > 'मन की बात' में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया वैज्ञानिकों को याद

'मन की बात' में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया वैज्ञानिकों को याद

मन की बात में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया वैज्ञानिकों को याद
X

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में देशवासियों को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने भारतीय वैज्ञानिकों को याद किया।

‘मन की बात’ की शुरुआत करते हुए पीएम मोदी ने कहा- इस देश ने विज्ञान के क्षेत्र में कई महान वैज्ञानिकों को जन्म दिया है। एक तरफ महान गणितज्ञ बौधायन, भास्कर, ब्रह्मगुप्त और आर्यभट्ट की परंपरा रही है। वहीं, दूसरी ओर चिकित्सा के क्षेत्र में चरक और सुश्रुत हमारे गौरव हैं। सर जगदीश चंद्र बोस और हरगोविंद खुराना से लेकर सत्येंद्र नाथ बोस जैसे वैज्ञानिक भारत के गौरव हैं।

मोदी ने कहा- क्या कभी हमने सोचा है कि नदी हो या समुद्र हो, इसमें पानी रंगीन क्यों हो जाता है? यही प्रश्न 1920 के दशक में एक युवक के मन में आया था। इसी प्रश्न ने आधुनिक भारत के एक महान वैज्ञानिक को जन्म दिया।

पीएम मोदी ने कहा-आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से रोबोट्स, बोट्स और स्पेसिफिक टास्क करने वाली मशीनें बनाने में मदद मिलती है। आजकल मशीनें सेल्फ लर्निंग से अपने आप के इंटेलिजेंस को और स्मार्ट बनाती जाती है।

उन्होंने कहा- 2 मार्च को होली का उत्सव हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। होली में जितना महत्व रंगों का है उतना ही महत्व 'होलिका दहन' का भी है, क्योंकि यह दिन बुराइयों को अग्नि में जलाकर नष्ट करने का दिन है। ' एक बार फिर से नारी शक्ति पर बात करते हुए पीएम बोले- नारी शक्ति ने स्वयं को आत्मनिर्भर बनाया है। उन्होंने खुद के साथ ही देश और समाज को भी आगे बढ़ाने और एक नए मुकाम पर ले जाने का काम किया है। आखिर हमारा 'न्यु इंडिया' का सपना यही तो है। '

पीएम मोदी ने कहा 8 मार्च को 'अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस' मनाया जाता है। इस दिन देश में 'नारी शक्ति पुरस्कार' से ऐसी महिलाओं को सत्कार भी किया जाता है जिन्होंने भिन्न-भिन्न क्षेत्रों में अनुकरणीय कार्य किये हों। '

मन की बात के दौरान पीएम ने कहा 'भारत में मवेशियों की आबादी लगभग 30 करोड़ है और गोबर का उत्पादन प्रतिदिन लगभग 30 लाख टन है, 'गोबर धन योजना' के तहत ग्रामीण भारत में किसानों, बहनों, भाइयों को प्रोत्साहित किया जाएगा कि वो गोबर और कचरे को सिर्फ अपशिष्ट के रूप में नहीं बल्कि आय के स्रोत के रूप में देखें'।

Updated : 25 Feb 2018 12:00 AM GMT
Next Story
Top