Home > Archived > मोदी ने कांग्रेस को आइना दिखाया

मोदी ने कांग्रेस को आइना दिखाया

मोदी ने कांग्रेस को आइना दिखाया
X

लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण को लेकर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांगे्रस को आइना दिखा दिया। उस आइने में कांगे्रस की एक एक सच्चाई सामने आती गई। प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर भारत माता के टुकड़े करने का आरोप भी लगाया। कांगे्रस के बारे में प्रधानमंत्री मोदी ने जो भी बोला है, वह एक दम सच है। इस पर कांगे्रस चिंतन करने के बजाय राजनीति करने पर उतरती दिखाई दी। संसद में इस प्रकार की राजनीति करने से केवल समय बर्बाद होता है, यह भी विपक्षी राजनीतिक दलों को स्मरण रखना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस को वास्तविकता से भी साक्षात्कार कराने का प्रयास किया, उन्होंने कहा कि लम्बे समय तक देश पर शासन करने वाली कांग्रेस पार्टी आज विपक्ष में बैठने के लिए क्यों मजबूर है? वास्तव में लोकतांत्रिक देश में जनता द्वारा चुनी हुई सरकार होती है और कांग्रेस का ध्यान केवल सरकार की आलोचना करने तक ही सीमित रह गया है। कांग्रेस ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के चलते देश के टुकड़े करवाए, इतना ही नहीं चुनाव में सफलता पाने के लिए कांगे्रस ने जल्दबाजी में आंध्रप्रदेश को भी विभाजित कर दिया, जबकि आंध्रप्रदेश और तेलंगाना में समस्याएं बरकरार हैं।

मोदी ने कहा कि जब हम नए राज्यों के निर्माण की बात करते हैं तो हमें उन तौर-तरीकों को याद करना चाहिए जिस तरह अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तराखंड, झारखंड और छत्तीसगढ़ का निर्माण किया था। उन्होंने दिखाया था कि कैसे दूरदर्शी फैसला लिया जाता है। यह सही है कि भारत केवल कांगे्रस और नेहरु की देन नहीं है, भारत का अस्तित्व सनातन काल से है, और सनातन काल तक रहेगा। जब देश में कांगे्रस नहीं थी, तब भी भारत था और देश में कांगे्रस नहीं रहेगी, तब भी भारत रहेगा। जहां तक लोकतंत्र की बात है तो यहां सनातन परंपरा के रुप में लोकतंत्र का प्रवाह हमेशा से रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दशकों तक कांग्रेस ने अपनी सारी ऊर्जा एक परिवार की सेवा में लगा दी और देश के हित को एक परिवार के हित के लिए नजरअंदाज कर दिया गया। कांग्रेस ने अगर सही नीयत और सही दिशा रखी होती तो देश आज जहां है, वहां से बहुत आगे होता। कांग्रेस आज भी लगभग वैसी ही राह का अनुसरण करती हुई दिखाई दे रही है। अगर कांग्रेस जमीन से जुड़ी होती तो उनकी यह हालत न होती। वर्तमान केन्द्र सरकार पूरी तरह से इन्हीं पंक्तियों को चरितार्थ करती हुई दिखाई दे रही है कि देश हमें देता है सब कुछ हम भी तो कुछ देना सीखें। लेकिन कांगे्रस हमेशा इस नीति के विरोध में चलती हुई दिखाई देती है। आज कांगे्रस की सोच लगभग तानाशाही जैसी हो गई है, जिसमें अपना हर काम सही लगता है और दूसरे का काम खराब। आज कांगे्रस को अपनी पिछली गलतियों का कोई पछतावा भी नहीं है और लगता है कि भविष्य में भी नहीं होगा, क्योंकि वहां केवल एक परिवार के स्वार्थ को ही केन्द्र में रखकर काम किया जाता है।

यह सभी जानते हैं कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल बनते तो पूरा कश्मीर तो आज हमारा होता ही, साथ ही पाकिस्तान का दखल भी नहीं होता। कश्मीर में किसी भी प्रकार की कोई समस्या भी नहीं होती। मोदी ने कहा कि हर भारतीय कांग्रेस द्वारा देश में घोली गई जहर की कीमत चुका रहा है। कांग्रेस अपने गीत गाती है और आंख बंद करके रहती है। अटल बिहारी वाजयेपी ने कहा था कि छोटे मन से कोई बड़ा नहीं होता और टूटे मन से कोई खरा नहीं होता। कांगे्रस ने कभी कुछ बड़ा सोचा ही नहीं और छोटे मन से कुछ होता नहीं। आज कांगे्रस को अपने मन को बड़ा करना चाहिए, तभी वह बड़ा सोच सकती है। नहीं तो कांगे्रस दुर्गति के जिस रास्ते पर कदम बढ़ा चुकी है, वहां से रास्ता बदलना कांगे्रस के लिए मुश्किल ही होगा।

Updated : 8 Feb 2018 12:00 AM GMT
Next Story
Top