Home > Archived > फ्रांस-भारत के बीच 70 हजार करोड़ का द्विपक्षीय व्यापार

फ्रांस-भारत के बीच 70 हजार करोड़ का द्विपक्षीय व्यापार

फ्रांस-भारत के बीच 70 हजार करोड़ का द्विपक्षीय व्यापार
X


नई दिल्ली। यूरोपीय देश फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मेक्रोन चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर भारत आ रहे हैं। उनकी भारत यात्रा 9 मार्च से 12 मार्च तक चलेगी। इस दौरान मेहमान राष्ट्रपति दिल्ली, उत्तर-प्रदेश के मिर्जापुर और बनारस जाएंगे, जहां वे विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। लेकिन फ्रांस के राष्ट्रपति की इस यात्रा में पूरा जोर भारत-फ्रांस के वाणिज्यिक संबंधों की मजबूती पर होगा। शनिवार को नई दिल्ली में भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात के दौरान भारत-फ्रांस के बीच कुछ समझौतों पर हस्ताक्षर भी होंगे।

भारत-फ्रांस के बीच द्विपक्षीय व्यापार तकरीबन 70 हजार करोड़ रूपये का है। फ्रांस भारत में निवेश करने वाला नौंवा बड़ा देश है। साल 2000 से साल 2017 तक याने पिछले 17 साल में फ्रांस ने भारत में 39 हजार करोड़ रुपए का निवेश किया है। करीब 1 हजार फ्रांसीसी कंपनियां भारत में कारोबार कर रही हैं। इसी तरह तकरीबन सवा सौ भारतीय कंपनियां फ्रांस में व्यापार करती हैं। भारतीय कंपनियों ने फ्रांस में 8 हजार करोड़ रुपये का निवेश किया है। इतना ही नहीं भारतीय कंपनियों ने करीब 7 हजार लोगों को फ्रांस में रोजगार दिया है। इसी तरह करीब 1 लाख से ज्यादा भारतीय फ्रांस में रह रहे हैं।
अपनी चार दिवसीय भारत यात्रा के दौरान मेक्रोन नई दिल्ली में इंटरनेशनल सोलर एलायंस सम्मिट के अलावा उत्तर-प्रदेश के मिर्जापुर जाएंगे, जहां वे भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ मिलकर एक सोलर प्लांट का उद्घाटन करेंगे। मेक्रोन वाराणसी भी जाएंगे| वे काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में हस्तकला संकुल जाएंगे| काशी के गंगा घाट जाएंगे और गंगा आरती में हिस्सा लेंगे। उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर के दादरकलां गांव में 75 मेगावॉट के एनविरो सॉलितेयर सोलर प्लांट का उद्घाटन करेंगे। मिर्जापुर से मेहमान राष्ट्रपति बनारस जाएंगे, जहां काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के पंडित दीनदयाल उपाध्याय हस्तकला संकुल जाएंगे। इसके बाद वे बनारस के विख्यात अस्सी घाट जाएंगे और समय बिताएंगे। मेक्रोन नाव द्वारा गंगा में घूमेंगे। इस दौरान वे गंगा सफाई अभियान और काशी के घाटों पर स्वच्छता अभियान के परिणामों को देखेंगे। शाम को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मेहमान राष्ट्रपति और उनकी पत्नी के सम्मान में बनारस में ही स्वागत-भोज देंगे।

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मेक्रोन भारत इंटरनेशनल सोलर एलायंस सम्मिट में हिस्सा लेने भारत आ रहे हैं, जिसकी मेजबानी भारत कर रहा है। इंटरनेशनल सोलर एलायंस सम्मिट 11 नवम्बर को होगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दावोस में हुई वर्ल्ड इकॉनामिक फोरम की बैठक के दौरान ही इंटरनेशनल सोलर एलायंस सम्मिट के भारत में आयोजन की घोषणा की थी। यह भारत-फ्रांस का संयुक्त प्रयास है। इस सम्मिट के लिए दुनियाभर के करीब सवा सौ देशों के प्रतिनिधि भारत आ रहे हैं, जिसमें करीब 25 देशों के राष्ट्राध्यक्ष होंगे।

Updated : 10 March 2018 12:00 AM GMT
Next Story
Top