Home > Archived > विप्लव कुमार देव होंगे त्रिपुरा के नये मुख्यमंत्री

विप्लव कुमार देव होंगे त्रिपुरा के नये मुख्यमंत्री

विप्लव कुमार देव होंगे त्रिपुरा के नये मुख्यमंत्री
X

-पीले कुर्ते में श्री विप्लव देव

अगरतला। पूर्वोत्तर के वाम गढ़ के रूप में विख्यात त्रिपुरा विधानसभा में भाजपा ने बड़ी जीत हासिल की है। इस जीत में स्थानीय स्तर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विप्लव कुमार देव का अहम योगदान रहा है। मंगलवार को राजधानी के गेस्ट हाउस में भाजपा के राष्ट्रीय पर्यवेक्षक केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और केंद्रीय मंत्री जुएल ओरांव की उपस्थिति में नवनिर्वाचित भाजपा विधायकों की एक बैठक आयोजित की गई। जिसमें सर्वसम्मति से विप्लव कुमार देव को विधायक दल का नेता चुना गया। इसके पश्चात् भाजपा और आईपीएफटी के नवनिर्वाचित विधायकों की संयुक्त बैठक भी हुई, जिसमें विप्लव कुमार देव को राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनाने पर सहमति बनी। साथ ही भाजपा के नेता व राजपरिवार के सदस्य जिष्णु देवबर्मा को उप मुख्यमंत्री के रूप में चुना गया। इसकी औपचारिक घोषणा बैठक के पश्चात नितिन गडकरी और जुएल ओरांव ने मीडिया के सामने की।

सूत्रों ने बताया कि नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह नौ मार्च को आयोजित किया जाएगा। हालांकि राजभवन से अभी तक इसकी घोषणा होनी बाकी है। बिप्लव के नाम की जैसे ही घोषणा हुई, वहां मौजूद भाजपा समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। बैठक के पश्चात् भाजपा गठबंधन दल के नवनिर्वाचित नेता बिप्लव कुमार देव आईपीएफटी के प्रमुख नेताओं के साथ राजभवन पहुंचकर राज्यपाल तथागत राय को विधायकों के समर्थन का एक पत्र सौंपा।

गौरतलब हो कि त्रिपुरा की 60 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा ने अकेले 35 सीटों पर जीत हासिल की है, वहीं सहयोगी पार्टी आईपीएफटी को 8 सीटों पर जीत मिली है। जबकि राज्य वाम मोर्चा महज 16 सीटें ही जीत पाई। राज्य में 25 वर्ष तक सत्ता पर काबिज रहे वाम मोर्चा की सरकार के पतन से राज्यभर में भाजपा समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शपथ ग्रहण समारोह राजधानी के असम रायफल मैदान में आयोजित किया जाएगा। सूत्रों ने दावा किया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित रहेंगे। हालांकि इसक अभी औपचारिक ऐलान नहीं किया गया है। सूत्रों ने दावा किया है कि शपथ ग्रहण आयोजन में भाजपा के कई दिग्गत नेता एवं कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों के भी हिस्सा लेने की उम्मीद है। भाजपा इसको बड़े जीत के रूप में दिखाने की कोशिश कर रही है।

Updated : 6 March 2018 12:00 AM GMT
Next Story
Top