Home > Archived > भारत ने जीता कांस्य

भारत ने जीता कांस्य

भारत ने जीता कांस्य
X

भुवनेश्वर। मेजबान भारत ने रविवार को धमाकेदार प्रदर्शन कर दो बार के चैंपियन जर्मनी को हराकर वर्ल्ड हॉकी लीग फाइनल में कांस्य पदक हासिल किया। एस. सुनील और हरमनप्रीत सिंह क गोलों की मदद से भारत ने यह मुकाबला 2-1 से जीतकर कांस्य पदक पर कब्जा बरकरार रखा। भारत ने पिछले साल रायपुर में भी इस टूर्नामेंट में कांस्य पदक हासिल किया था।

भारत ने इसी के साथ ग्रुप मैच में 2008 और 2012 की चैंपियन जर्मनी से मिली हार का बदला चुकाया। पहले क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच जोरदार खेल देखने को मिला। जर्मनी ने दूसरे क्वार्टर में दबदबा बनाए रखा, लेकिन टीम कोई गोल नहीं कर पाई। भारतीय गोलकीपर ने शानदार बचाव करते हुए मेहमान टीम का खाता नहीं खुलने दिया।

एस. सुनील ने भारत को 21वें मिनट में 1-0 की बढ़त दिलाई जब उन्होंने रिबाउंड पर गोल दागा। भारत दूसरे क्वार्टर के बाद 1-0 से आगे था। जर्मनी ने बराबरी के लिए हमले तेज किए और 36वें मिनट में मार्क एपल ने मैदानी गोल दागते हुए जर्मनी को 1-1 की बराबरी दिलाई। भारत ने अंतिम क्वार्टर में लगातार हमले बोले और कई पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए। हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागते हुए भारत को 2-1 की बढ़त दिलाई, जो निर्णायक साबित हुई।

Updated : 11 Dec 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top