Home > Archived > छात्रों ने पं. दीन दयाल उपाध्याय के विचारों का अलख जगाया

छात्रों ने पं. दीन दयाल उपाध्याय के विचारों का अलख जगाया

छात्रों ने पं. दीन दयाल उपाध्याय के विचारों का अलख जगाया
X


लखनऊ। सिटी मोन्टेसरी स्कूल (सीएमएस) के तीन हजार छात्रों ने शनिवार को पंडित दीन दयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में विशाल ‘जन-जागरण प्रभात फेरी’ निकालकर पं. दीन दयाल उपाध्याय के विचारों का अलख जगाया। छात्रों की यह विशाल प्रभात फेरी गोमती नगर विस्तार स्थित मकदुमपुर पुलिस चौकी से प्रारम्भ हुई एवं शान्ति, एकता, सद्भाव, सामाजिक समरसता का उद्घोष करते हुए सीएमएस आॅडिटोरियम पहुंचकर एक विशाल सभा में परिवर्तित हो गयी।

प्रभात फेरी का नेतृत्व मुख्य अतिथि के रूप में पधारे प्रदेश के ग्रामीण विकास एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री महेन्द्र सिंह ने किया। प्रभात फेरी के समापन पर मुख्य अतिथि महेन्द्र सिंह ने छात्रों को सेवा, त्याग एवं चरित्र निर्माण की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर महेन्द्र सिंह ने कहा कि युवा पीढ़ी पं. दीन दयाल उपाध्याय के सपनों का भारत बनाने के लिए आगे आयें और उस महान व्यक्तित्व के सपनों को साकार करें। उन्होंने कहा कि पं. उपाध्याय सामाजिक समरसता के बहुत बड़े हिमायती थे और आज समय की जरूरत है कि हम सब भारतवासी मिलकर शान्ति, एकता व सौहार्द का वातावरण कायम कर सामाजिक उत्थान में रचनात्मक भूमिका निभायें।

सीएमएस संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डॉ जगदीश गांधी ने कहा कि पं. दीन दयाल उपाध्याय जैसे महानायक विरले ही जन्म लेते हैं। सामाजिक उत्थान में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। उनके विचारों से आज की किशोर व युवा पीढ़ी को प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य के लिए छात्रों ने ‘जन जागरण प्रभात फेरी’ निकालकर पं. उपाध्याय के विचारों एवं उनके द्वारा किये गये जन-कल्याणकारी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाया।

Updated : 29 July 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top