Home > Archived > प्रेम की भूमिका से प्राप्त होता है ईश्वर: मां कनकेश्वरी

प्रेम की भूमिका से प्राप्त होता है ईश्वर: मां कनकेश्वरी

प्रेम की भूमिका से प्राप्त होता है ईश्वर: मां कनकेश्वरी
X

ग्वालियर/डबरा, नि.प्र.। श्रीमद् भागवत कथा के द्वारा हम परमात्मा को पाने की भूमिका का निर्माण कर सकते हैं। ईश्वर सदैव ही मनुष्य के निकट होता है, परंतु भूमिका का निर्माण होते ही वह दृष्टिगोचर होने लगता है। ईश्वर प्रेम की भूमिका से प्राप्त होता है। ठीक उसी प्रकार जैसे अंधेरे से भरे कमरे में सूर्य को बुलाने की आवश्यकता नहीं होती, खिड़की खोलने मात्र से ही वातावरण प्रकाशमान हो जाता है। यह विचार राष्ट्रसंत मां कनकेश्वरी देवी ने शुक्रवार को डबरा स्टेडियम प्रांगण में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के पांचवें दिन भक्तों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।

मां कनकेश्वरी देवी ने कहा कि संसार के साथ मनोवृत्ति लगाना ही जीवात्मा को उत्तम पद प्राप्त करने के अधिकार से विमुख कर देता है क्योंकि प्रत्येक व्यक्ति को मिलता वही है, जो उसकी मनोवृति होती है। मां कनकेश्वरी देवी ने कहा कि आस्थावान मनुष्य, आस्थावान हृदय उपजाऊ भूमि के समान होता है। यदि मन में ईश्वर के प्रति आस्था हो तो व्यक्ति के व्यवहार, आचार-विचार में ईश्वर का निवास स्वत: ही हो जाता है। मां कनकेश्वरी देवी ने कहा कि यदि दूसरों के जीवन में निरंतर घटनाएं घटित हो रही हैं और आपके जीवन में घटित नहीं हो रही हैं, तब आप समझ लीजिएगा कि गुरु के सानिध्य से आपका जीवन उपजाऊ हो रहा है। उन्होंने कहा कि ज्ञान की योग्यता के लिए गुरुवंदना आवश्यक है तथा प्रभु प्राप्ति का माध्यम प्रेम है।

इन्होंने किया पोथी पूजन

भागवत कथा के आरंभ में मुख्य पारीक्षत तथा केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर की धर्मपत्नी श्रीमती किरण सिंह, ज्येष्ठ पुत्र देवेन्द्र प्रताप सिंह तोमर (रामू), मंजूसिंह सिकरवार, रामबाबू कटारे, अशोक जैन, महेन्द्र सेंगर एवं अभिमन्यु सेंगर आदि ने पोथी पूजन में भाग लिया।

इन्होंने की आरती

भागवत कथा के अंत में रामदास महाराज दंदरौआ धाम, महामंडलेश्वर रामभूषणदास खनेता, रामसेवकदास, मुख्य पारीक्षत केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, मुरैना सांसद अनूप मिश्रा, महापौर विवेक शेजवलकर, साडा अध्यक्ष राकेश जादौन, अरुण तोमर, सतीश बोहरे, राजेश दुबे, अनिल गोयल, राजू सेठ, मंजूसिंह तोमर, रीना शर्मा, दीपक माहौर, वज्जर सिंह गुर्जर एवं सत्यप्रकाश पड़सेरिया आदि ने भी आरती की।

Updated : 24 Feb 2018 12:00 AM GMT
Next Story
Top