Home > Archived > चोरी और सीना जोरी, वीडियो ने खोली कांग्रेस की पोल

चोरी और सीना जोरी, वीडियो ने खोली कांग्रेस की पोल

चोरी और सीना जोरी, वीडियो ने खोली कांग्रेस की पोल
X


कोलारस । कोलारस विधानसभा में हुए खतौरा कांड में नया खुलासा तब हुआ जब जिला प्रशासन शिवपुरी एवं पुलिस विभाग द्वारा इस पूरे कांड का वीडियो पत्रकार वार्ता कर शुक्रवार को जारी किया गया इस वीडियो में कोलारस विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी महेंद्र यादव अपने कार्यकर्ताओं के साथ नरेंद्र कुशवाह की गाड़ी में तोड़फोड़ करते और उपद्रव करते हुए नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो में कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र यादव स्वयं अपने 50-60 समर्थकों के साथ विधायक की गाड़ी घेरे खड़े हुए हैं। उनके समर्थक पुलिस और प्रशासन के मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए विधायक नरेंद्र कुशवाह की गाड़ी में तोड़फोड़ करते हुए, उनकी गाड़ी में रखा सूटकेस बाहर उतरवाते हैं। महेंद्र यादव के समर्थकों की घेराबंदी में पुलिस जब सूटकेस खोलती है तो उसमें से नोटों के बजाए कपड़े निकलते हैं।

गौरतलब है कि इस पर कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र यादव के समर्थक शांत होने के बजाए और उग्र हो जाते हैं और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगते है। महेंद्र यादव स्वयं अपने समर्थकों को उकसाते हुए और पुलिस से झड़प करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में पुलिस के लाठी चार्ज और महेंद्र यादव के घायल होने के कोई फुटेज नहीं हैं।

गुरुवार देर रात पुलिस पर लाठीचार्ज करने का आरोप लगाकर शिवपुरी में कलेक्टर बंगले पर धरना देकर प्रशासन को घेरने वाले और भोपाल से लेकर दिल्ली तक चुनाव आयोग में पहुंचकर गुहार लगाने वाली कांग्रेस, पुलिस द्वारा घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग पेश कर दिए जाने के बाद से बैकफुट पर आ गई है। हालांकि अभी भी कांग्रेसी नेता पुलिस, प्रशासन और चुनावी अमले पर भाजपा के दबाव में काम करने के आरोप लगा रहें है। इधर कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र यादव की वीडियो रिकार्डिंग सामने आने के बाद भाजपा ने इस घटना को कांग्रेस और उसके प्रत्याशी महेंद्र यादव की गुंडागर्दी मानते हुए भोपाल में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से मुलाकात कर कार्यवाही की मांग की है। भाजपा ने चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद भी बाहरी जिलों से कांग्रेस के कई विधायकों के कोलारस-शिवपुरी में होने पर आपत्ति जताते हुए इन पर आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज करने की मांग की है।

Updated : 24 Feb 2018 12:00 AM GMT
Next Story
Top