Home > Archived > कोलारस को मध्य प्रदेश की अग्रणी विधानसभा बनायेंगे

कोलारस को मध्य प्रदेश की अग्रणी विधानसभा बनायेंगे

अशोकनगर। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि इस क्षेत्र के सांसद कोलारस के विकास के बजाए चुनाव की ज्यादा चिंता करतें है। उनका जनता से कोई सरोकार नहीं है। कोलारस के विकास और मध्यप्रदेश के विकास को लेकर जितने काम मैं करता हूँ उसे रोकने में पूरी कांग्रेस लगी हुई है। कांग्रेस को कोलारस के विकास की चिंता नहीं है लेकिन शिवराजसिंह चौहान कोलारस को मध्यप्रदेश की विकास की अग्रणी विधानसभा बनायेगा। यह बात मुख्यमंत्री ने सोमवार को कोलारस में विधानसभा उपचुनाव के पार्टी प्रत्याशी श्री देवेन्द्र जैन के समर्थन में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कही।

सभा के पूर्व में बदरवास से कोलारस तक विशाल रोड शो हुआ जिसमें मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चैहान, केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व सांसद प्रभात झा, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद नंदकुमारसिंह चौहान, प्रदेश शासन की वरिष्ठ मंत्री यशोधराराजे सिंधिया, विश्वास सारंग, पार्टी प्रत्याशी देवेन्द्र जैन सहित पार्टी के वरिष्ठ नेतागण मौजूद थे। बदरवास से प्रारंभ हुए रोड शो में हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और कोलारस क्षेत्र की जनता शामिल हुई। आठ विभिन्न स्थानों पर जनता ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। पार्टी प्रत्याशी देवेन्द्र जैन ने नंदकुमारसिंह चैहान एवं यशोधराजे सिंधिया की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल किया।
जानकारी के अनुसार जनसभा को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर ने कहा कि आगामी 24 फरवरी को कोलारस में उपचुनाव है। इस क्षेत्र में कांग्रेस के विधायक थे। उन्होंने इस क्षेत्र का विकास नहीं किया। बीते 4 वर्षों में यह क्षेत्र विकास से वंचित हो गया था। कोलारस का यह क्षेत्र राजमाताजी का क्षेत्र रहा है। इसके विकास में भारतीय जनता पार्टी कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी। कोलारस की जनता से उन्होंने आग्रह करते हुए कहा कि बीते 4 वर्षो में विकास की जो कमी रह गयी थी उसे मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान पूरा करेंगे। इस क्षेत्र को भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने विकास की प्राथमिकता पर लिया है।

उन्‍होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार आम गरीब और किसानों की सरकार है। केन्द्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार है। मुख्यमंत्री स्वयं दिन रात एक करके जनता की सेवा कर रहें है और गरीब जनता के जीवन स्तर में बदलाव लाने के लिए प्रयासरत है। कोलारस क्षेत्र की जनता के जीवन में बदलाव आए। सहरिया आदिवासी का जीवन स्तर में बदलाव आए इसकी चिंता कर रहें है। आप सब लोग पार्टी के उम्मीदवार देवेन्द्र जैन को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाकर राजमाताजी के सपनों को पूरा करे।
मुख्यमंत्री ने कोलारस की जनता से प्रश्न किया कि कांग्रेस के सांसद ने इस क्षेत्र के विकास के लिए कुछ किया ? 50 साल से कांग्रेस की सरकार रही लेकिन कोलारस का विकास नहीं किया, लेकिन हमने इस क्षेत्र का विकास किया तो कांग्रेस नेताओं के पेट में दर्द हो रहा है। कोलारस के गांवों में हम सड़क बना रहें हैं। किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिले इसके लिए सिंधु नदी पर स्टाप डेम बना रहें है लेकिन कांग्रेस ने इस क्षेत्र को सूखा छोड़ दिया था। पीने के पानी की समस्या थी। हमने समस्या का समाधान किया। हैण्डपंप खुदवा रहे थे तो चुनाव आयोग से कांग्रेस ने शिकायत कर दी। कांग्रेस रोज शिकायतें कर रही है क्योंकि उनसे जनता का सुख और क्षेत्र का विकास देखा नहीं जाता। उन्होंने कभी 1 रूपए किलो गेहूं, चावल और नमक नहीं खिलाया लेकिन हम जनता की सेवा कर रहें है तो उनको दर्द हो रहा है। गरीब आदिवासी को जमीन का मालिक बनाया और हर गरीब को पक्का घर बनाकर भाजपा सरकार दे रही है तो उसमें भी इन कांग्रेसियों को दुख और तकलीफ हो रही है। किसानों को फसल बीमा और राहत का पैसा भाजपा सरकार दे रही है तो कांग्रेस एडी चोटी का जोर लगाकर इसे रूकवाने में लगी है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का एकमात्र एजेंडा विकास के कामों में सिर्फ अडंगा लगाना है। हद तो तब हो गयी जब मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर कांग्रेस शिकायत करने पहुँच गयी। उन्होंने कहा कि उनका एकमात्र अभियान सिर्फ शिवराज रोको है। मैं कोलारस क्षेत्र के विकास में रंग भरकर गरीब, किसान, आदिवासियों की जिन्दगी बदलना चाहता हूँ। कांग्रेस के पास देने के लिए कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि आज हजारो हजार की तादाद में लोग मौजूद है। आप सब पार्टी के उम्मीदवार श्री देवेन्द्र जैन बनकर चुनावी समर में उतरे। हम विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उपस्थित हजारों कार्यकर्ता और जनता को संकल्प दिलवाया। राजमाता पूरे क्षेत्र की माता, शिवपुरी की तरह कोलारस भी जितेंगे: सिंधिया मध्यप्रदेश शासन की वरिष्ठ मंत्री यशोधराजे सिंधिया ने कहा कि मैं जब छोटी थी। तब से राजमाता के साथ इस क्षेत्र में आ रही हूँ। यह पूरा क्षेत्र राजमाता का है। इस क्षेत्र से ओमप्रकाश खटीक तीन बार विजयी हुए है। देवेन्द्र जैन भी इस क्षेत्र से जीते हैं।

Updated : 5 Feb 2018 12:00 AM GMT
Next Story
Top