चेन्नई में लापता सभी पांच नाविकों के शव बरामद
चेन्नई | चक्रवात नीलम से कुछ घंटे पहले तेज हवाओं के कारण शहर के तट पर फंसे एक तेल टैंकर के लापता हुए सभी पांच नाविकों के शव बरामद हो गए हैं। पुलिस ने बताया कि चार शव कल बरामद कर लिए गए थे। एक शव आज सुबह मिंजूर तटीय क्षेत्र के नजदीक मिला। ये पांचों नाविक बुधवार को उस समय लापता हो गए थे, जब उनकी जीवनरक्षक नौका उफनते पानी में पलट गई थी। इस नौका में सवार 16 नाविकों को स्थानीय मछुआरों ने बचा लिया था। एक नाविक की उस दिन डूब जाने से मौत हो गई थी। पोत के 15 नाविक गुरुवार को बचाए गए थे। फंसे पोत पर चालक दल के 37 सदस्य सवार थे। घटना की प्रारंभिक जांच के आदेश दे चुका जहाजरानी महानिदेशालय जल्द ही फंसे हुए पोत को बचाने का अभियान शुरू करेगा। यह पोत मुम्बई स्थित प्रतिभा जहाजरानी कंपनी का है। जहाजरानी महानिदेशालय ने बीती रात कहा था कि पोत को बचाने का काम सात नवम्बर से शुरू किए जाने की संभावना है। मद्रास उच्च न्यायालय ने कल आदेश दिया था कि अगले आदेश तक पोत चेन्नई बंदरगाह से बाहर नहीं जाना चाहिए।