जम्मू में सीमा पर भीषण गोलीबारी, घुसपैठिया ढेर
जम्मू, : जम्मू जिले के अखनूर सेक्टर में उग्रवादियों के एक समूह को भारतीय भूभाग में घुसपैठ कराने के लिए अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान ने एक बार फिर संघर्षविराम का उल्लंघन किया और भारतीय चौकियों को निशाना बना कर गोलबारी की। जवाबी कार्रवाई में एक घुसपैठिया ढेर हो गया।पिछले पखवाड़े में पाकिस्तान द्वारा यह 14 वां संघर्षविराम उल्लंघन है जब पड़ोसी देश ने अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी की।अधिकारियों ने आज यहां बताया कि पाकिस्तानी रेंजरों ने बीती रात 10 बज कर 30 मिनट पर जम्मू जिले के अखनूर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर माला बेला, गरखल, सिदरा कैंप और नाका नंबर 10 पर मौजूद भारतीय चौकियों पर गोलीबारी की।उन्होंने बताया कि गोलीबारी का उद्देश्य उग्रवादियों के एक समूह को भारतीय भूभाग में प्रविष्ट कराने के लिए मदद देना था। उन्होंने कहा ‘‘हम सीमा पर संदिग्ध उग्रवादियों की गतिविधियों पर नजर रखते हैं।’’ अधिकारियों के अनुसार, सीमा रेखा की निगरानी कर रहे बीएसएफ के जवानों की जवाबी कार्रवाई के बाद भीषण गोलीबारी हुई जिसमें एक घुसपैठिया मारा गया और अन्य वापस भाग गए। गोलीबारी आज सुबह करीब सात बज कर तीस मिनट तक चलती रही।अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने कल देर रात पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा से लगी कृष्णागति पट्टी पर स्थित अग्रणी चौकियों पर भी गोलीबारी की। सेना के जवानों ने जवाबी कार्रवाई की और एक घंटे बाद गोलीबारी रूकी। पाकिस्तान ने इस माह बार बार संघर्षविराम उल्लंघन किया है।अंतरराष्ट्रीय सीमा पर 17 अगस्त को भारतीय चौकियों तथा आरएसपुरा सब सेक्टर में कोरोटोना बॉर्डर आउट पोस्ट (बीओपीएस) पर पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी की गई थी जिसमें बीएसएफ का एक जवान चंदर राय शहीद हो गया था।सांबा सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पंसार बॉर्डर आउट पोस्ट (बीओपी) पर तथा नियंत्रण रेखा पर कृष्णागति पट्टी पर 15 अगस्त को पाकिस्तान ने दो बार गोलीबारी की और संघर्षविराम उल्लंघन किया था।13 अगस्त को पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू जिले के अरनिया सेक्टर में भारत पाक सीमा पर भारतीय चौकियों पर गोलीबारी की थी। इन्हीं चौकियों पर 11 जुलाई को भी पाकिस्तानी पक्ष ने गोलीबारी की थी और बीएसएफ का एक जवान घायल हो गया था।7 अगस्त को राज्य में नियंत्रण रेखा पर और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर संघर्षविराम के उल्लंघन को लेकर भारत ने पाकिस्तान के समक्ष कड़ा विरोध जताया था। संघर्षविराम की इस घटना में दो जवान घायल हो गए थे। पाकिस्तान ने इस साल अब तक 37 बार संघर्षविराम का उल्लंघन किया है। वर्ष 2011 में ऐसी 51 घटनाएं, वर्ष 2010 में 44 घटनाएं और वर्ष 2009 में 28 घटनाएं हुई थीं। 8 अगस्त को पाकिस्तानी सैनिकों ने पुंछ जिले के कृष्णागति सब सेक्टर में भारत पाक सीमा से लगी कई भारतीय चौकियों पर गोलीबारी की थी।पाकिस्तानी सैनिकों ने 6 अगस्त को कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगी, बीएसएफ की पंसार सीमा चौकी पर राकेट दागे और गोलीबारी की। घटना में बीएसएफ के दो जवान घायल हो गए थे।इसी दिन पाकिस्तानी सैनिकों ने पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर अग्रणी चौकियों पर अंधाधुंध गोलीबारी की। इसके बाद कुछ घंटे तक रूक-रूक कर गोलीबारी होती रही। सेना के जवानों ने जवाबी कार्रवाई की थी।पाकिस्तानी रेंजरों ने 5 अगस्त को जम्मू जिले के आरएसपुरा सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे कोटे कुबा इलाके में भारतीय सीमा चौकियों पर गोलीबारी की थी।इससे पहले 28 जुलाई को जम्मू-कश्मीर के सांबा सेक्टर में 400 मीटर लंबी सुरंग का पता चला था और इस मुद्दे पर भारतीय पक्ष ने 31 जुलाई को कड़ा विरोध जताया था।