भूस्खलन से जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग रहा बाधित
जम्मू। जम्मू एवं कश्मीर में दो दिनों से लगातार बारिश एवं भूस्खलन के कारण बुधवार को जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा जिससे 500 से ज्यादा वाहन फंस गए लेकिन इसे मरम्मत के बाद दोपहर साढे 12 बजे यातायात के लिए फिर खोल दिया गया।तडके रामबन इलाके में भारी वर्षा के कारण चटटाने टूटकर गिरने से इस राजमार्ग को बंद कर दिया गया था। यात्री वाहनों सहित सैंकडों वाहन राजमार्ग पर फंसे हुए थे। उनका आना जाना अब शुरू हो गया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि रामबन इलाके में करीब 500 वाहन फंसे रहे। इसके अलावा 300 किलोमीटर लम्बे इस राजमार्ग पर बडी संख्या में यात्री भी फंसे हुए हैं। सीमा सडक संगठन के एक अधिकारी ने बताया, हम भूस्खलन के मलबे को साफ करने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन पत्थरों के लगातार गिरने से इसमें बाधा आ रही है। बारिश एवं भूस्खलन के कारण राज्य के कई अन्य मार्गों पर भी यातायात बाधित होने से प्रमुख शहरों के बीच सम्पर्क प्रभावित हुआ है।