भड़काऊ भाषण: पुलिस के सामने पेश होंगे ओवैसी

भड़काऊ भाषण: पुलिस के सामने पेश होंगे ओवैसी

हैदराबाद | असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि नफरत फैलाने वाला भाषण देने के आरोपी उनके भाई और पार्टी के विधायक अकबरुद्दीन ओवैसी लंदन से लौटकर पुलिस के समक्ष समर्पण करेंगे। असद ओवैसी ने एक जनसभा में कहा था कि वह लौट आएंगे और कानून के समक्ष समर्पण करेंगे। हम भागने वालों में से नहीं हैं। पुलिस ने अकबर ओवैसी को सोमवार को अदिलाबाद जिले के निर्मल शहर और मंगलवार को निजामाबाद पुलिस के समक्ष पेश होने के लिए कहा है। उनके खिलाफ पिछले महीने एक जनसभा के दौरान नफरत फैलाने वाला भाषण देने का आरोप है। हैदराबाद में ओस्मानिया विश्वविद्यालय की पुलिस ने भी स्थानीय अदालत के निर्देश पर अकबर के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस महानिदेशक ने कहा कि पुलिस कार्रवाई शुरू करने से पहले अकबर के लंदन से लौटने के लिए दो-तीन दिन तक इंतजार करेगी। इस बीच, असद ओवैसी ने तंदूर शहर में कांग्रेस के खिलाफ एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी हिन्दुओं के खिलाफ नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारी लड़ाई हिन्दुओं के खिलाफ नहीं है, बल्कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा मुख्यमंत्री किरण कुमार रेड्डी के खिलाफ है।


Next Story