चक्रवाती तूफान फेलिन से ओडिशा मे 7 मरे
भुवनेश्वर | चक्रवाती तूफान फेलिन के कारण ओडिशा के तटीय क्षेत्र में भारी बारिश व तेज हवाओं से शनिवार रात कम से कम सात लोगों की मौत हो गई। अधिकांश मौतें चक्रवात के दौरान भूस्खलन और पेड़ों के उखड़कर लोगों पर गिर जाने के कारण हुईं। तेज हवाओं की वजह से राजधानी भुवनेश्वर सहित ओडिशा के पूरे तटीय क्षेत्र में सैंकड़ों वृक्ष जड़ समेत उखड़ गए।
चक्रवाती तूफान फेलिन ने शनिवार रात ओडिशा में गोपालपुर के करीब स्थित पूर्वी तट पर दस्तक दी। 200 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चले तूफान के कारण भारी बारिश हुई और तेज हवाएं चलीं।
भारी बारिश की वजह से निचले इलाकों में बने मकान डूब गए हैं। तेज हवाओं में फूस से बने घर भी उड़ गए।
प्रशासन ने निचले इलाकों में विशेषकर कच्चे या मिट्टी के घरों में रहने वाले पांच लाख से अधिक लोगों से घर खाली करा लिए हैं। ओडिशा के राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री सूर्य नारायण पात्रो ने बताया, "चूंकि लोगों को पहले ही प्रभावित इलाकों से हटा लिया गया था, इसलिए हम लोगों की जान बचाने में सफल हो सके।"
मंत्री ने कहा, "कुछ संपत्ति को गंभीर नुकसान पहुंचा है, हम मूल्यांकन करने की प्रक्रिया में हैं।"