चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस को याद आते हैं आदिवासी व दलित: मोदी
शहडोल। भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार एवं गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। अपने भाषण की शुरुआत में उन्होंने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यों की तारीफ की। इस बार कांग्रेस को निशाना बनाने के लिए आदिवासियों को आधार बनाया।
मोदी ने कहा कि कांग्रेस के वादों पर विश्वास नहीं किया जा सकता आज 50 साल होने के बाद भी कांग्रेस को आदिवासियों की याद नहीं आई। मोदी ने यह कहा कि आज कल भारतीय जनता पार्टी की रैलियों में इतनी भीड़ एकत्रित हो रही है कि शहर के आस-पास के सभी मैदान छोटे पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आदिवासियों की कभी याद नहीं आती। सिर्फ चुनाव में याद आती थी। अगर कांग्रेस को आदिवासियों की फिक्र होती तो उनके लिए अलग मंत्रालय होता, अलग बजट होता, लेकिन 50 साल तक राज करने पर भी कांग्रेस को आदिवासियों को याद नहीं आई।
मध्य प्रदेश और गुजरात का कनेक्शन जोडऩे के लिए नर्मदा नदी का जिक्र करना भी नहीं भूले। उन्होंने कहा कि मैं सिर्फ वोट मांगने नहीं आया हूं। मेरे मन में शहडोल के प्रति श्रद्धा है। यही नर्मदा नदी निकलती है, जिसका पानी मेरे गुजरात तक जाता है। गुजरात का विकास नर्मदा से ही हुआ है।