चढ़ते सूरज को अर्घ्य देकर संपन्न हुआ छठ पर्व
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली सहित देश के कई अन्य जगहों पर छठ का पावन पर्व आज सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने और उसके बाद घाटों पर हवन एवं पारण के बाद संपन्न हुआ। इसके साथ ही चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ व्रत समाप्त हो गया।
इस दौरान दिल्ली के कई घाटों समेत हिंडन नदी पर हजारों श्रद्धालुओं ने छठ के इस पावन मौके पर हिस्सा लिया। इसके लिए सभी जगहों पर विशेष इंतजाम किए गए थे। मुंबई में भी इस बार छठ को लेकर विशेष तैयारियों के बीच हजारों श्रद्धालुओं ने उगते सूरज को अर्घ्य दिया।
इससे पूर्व लोक आस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन शुक्रवार को व्रतियों ने शुद्धता एवं पवित्रता के साथ गंगा व अन्य नदियों तथा सरोवरों में अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य प्रदान किया। राजधानी के गंगा घाटों पर दोपहर बाद से ही व्रतियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया, जो सूर्यास्त तक जारी रहा।