चार राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजे कल
नयी दिल्ली | दिल्ली, मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ की सरकारों का भविष्य कल तय हो जाएगा। चारों राज्यों के विधानसभा चुनावों के लिए मतगणना कल सुबह से शुरु होगी। इन चुनावों को अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा है। मिजोरम में भी विधानसभा चुनाव हुए हैं लेकिन वहां मतगणना 9 दिसंबर को होगी।
दिल्ली में 65 प्रतिशत से उपर, मिजोरम में 81, राजस्थान में 74, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ में 70 फीसदी से उपर मतदान हुआ.भाजपा के प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाये जाने के बाद नरेन्द्र मोदी ने चारों राज्यों में अपनी पार्टी के लिए प्रचार किया। अब सबकी निगाहें चारों राज्यों के नतीजों पर लगी हैं। उधर कांग्रेस की ओर से प्रचार की कमान राहुल गांधी ने संभाली थी.मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ और राजस्थान में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है जबकि दिल्ली में त्रिकोणीय मुकाबला है। नवगठित आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में मुकाबला दिलचस्प कर दिया है।
इन राज्यों में मतदान के बाद हुए एक्जिट पोल में भाजपा को बढत लेते दिखाया गया है और संभावना है कि वह मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ में सत्ता बनाये रखेगी जबकि राजस्थान में उनके कांग्रेस से सत्ता छीनने की उम्मीद की गयी है। दिल्ली में अरविन्द केजरीवाल की आम आदमी पार्टी के आने से शीला दीक्षित को कडे मुकाबले का सामना करना पड रहा है. आप ने कांग्रेस और भाजपा दोनों की ही गणना को प्रभावित किया है। शीला जहां चौथी बार मुख्यमंत्री पद संभालने के लिए लड रही हैं वहीं भाजपा ने हर्षवर्धन को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया है। दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए 810 उम्मीदवारों ने किस्मत आजमायी। कांग्रेस और आप ने सभी सीटों पर चुनाव लडा जबकि भाजपा ने 66 सीटों पर उम्मीदवार उतारे। शेष चार सीटें उसने अपनी सहयोगी शिरोमणि अकाली दल को दे दी।
शिवराज सिंह चौहान मध्य प्रदेश में हैट्रिक लगा सकते हैं जबकि कांग्रेस ने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रुप में युवा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया को आगे किया है। प्रदेश में 230 सीटों के लिए हुए चुनाव में 2583 लोगों के भाग्य का फैसला मतदाता कर चुके हैं। भाजपा ने सभी सीटों पर जबकि कांग्रेस ने 229 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलौत के नेतृत्व वाली कांग्रेस को भाजपा से कडी चुनौती मिली है। भाजपा की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार वसुंधरा राजे हैं। दोनों ही पार्टियां सभी 200 सीटों पर लडी हैं। यहां 2087 उम्मीदवारों ने किस्मत आजमायी। छत्तीसगढ में रमन सिंह भी हैट्रिक लगाने की उम्मीद कर रहे हैं। यहां भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर मानी जा रही है। दोनों ही पार्टियों ने सभी 90 सीटों पर उम्मीवार उतारे हैं। मिजोरम में कांग्रेस सत्ता पर फिर से काबिज होने की उम्मीद कर रही है। उसने सभी 40 सीटों पर उम्मीदवार उतारे। एमएनएफ ने 31 और मिजो पीपुल्स कांफ्रेंस ने 8 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं।