मेघालय की पहली महिला गृहमंत्री बनीं वर्जरी

शिलांग। कांग्रेस विधायक रोशन वर्जरी ने मेघालय की पहली महिला गृहमंत्री बन कर पूर्वोत्तर की राजनीति में एक इतिहास रचा है। वह देश के किसी राज्य में इस मंत्रालय की जिम्मेदारी सम्भालने वाली दूसरी महिला भी हैं। मुख्यमंत्री मुकुल संगमा ने मंगलवार देर रात विभागों का बंटवारा करते हुए वर्जरी को गृहमंत्रालय (जेल) के साथ-साथ लोक निर्माण विभाग की जिम्मेदारी भी सौंपी है। पिछले महीने हुए चुनाव में 63 वर्षीय वर्जरी उत्तरी शिलांग विधानसभा क्षेत्र से चुनी गई हैं। वह पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में इस महत्वपूर्ण विभाग को सम्भालने वाली पहली भारतीय महिला हैं। उनसे पहले आंध्र प्रदेश में पी. सबिता इंद्रा रेड्डी गृह विभाग की जिम्मेदारी सम्भाल चुकी हैं।
तीसरी बार विधायक चुनी गईं वर्जरी "हिल पीपुल्स युनियन" के विधायक दिवंगत कोरबार सिंह फनबुह की पत्नी हैं। उनके निधन के उपरांत राजनीति में कदम रखने के बाद वह हिल्स पीपुल्स युनियन और युनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी के टिकट पर 1993 और 1998 में लगातार दो बार विधायक चुनी गईं थीं। राजनीति में आने से पहले वह मेघालय महिला आयोग की अध्यक्ष रह चुकी हैं। इनके अलावा कांग्रेस विधायक देबोराह सी. मारक को राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। उन्हें समाज कल्याण, पशुपालन एवं चिकित्सा विभाग, प्रिटिंग एवं स्टेशनरी विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Next Story