भाजपा का 17 से 30 जून तक जेल भरो आंदोलन

भाजपा का 17 से 30 जून तक जेल भरो आंदोलन

नई दिल्ली l भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संप्रग सरकार के कथित घोटालों, भ्रष्टाचार और संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग के विरोध में 17 से 30 जून तक देश भर में जेल भरो आंदोलन करेगी, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता गिरफ्तारियां देंगे। पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और केन्द्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन के संयोजक मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि इस दौरान 25 और 26 जून भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का वह काला दिन पड़ेगा, जब कांग्रेस ने देश में आपातकाल लगा कर लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मूल्यों का गला घोटा दिया था।
नकवी के अनुसार 25 और 26 जून को देश के अधिकांश स्थानों पर सत्याग्रह और जेल भरो आंदोलन होंगे जिनमें पार्टी के वरिष्ठ नेता भाग लेंगे। 17 जून से चलने वाले इस आंदोलन में राजनाथ सिंह, सुषमा स्वराज, मुरली मनोहर जोशी, एम वेंकैया नायडू, नितिन गडकरी सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता अलग-अलग स्थानों पर जेल भरो आंदोलन का नेतृत्व करेंगे।
पार्टी के मुताबिक भाजपा के प्रदेश प्रभारी, सभी सांसद, विधायक एवं अन्य जन प्रतिनिधि अपने-अपने राज्यों में सत्याग्रह आंदोलन में हिस्सा लेंगे। नकवी ने बताया कि भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और राज्य सरकार के मंत्रियों को सत्याग्रह आंदोलन से मुक्त रखा गया है।

Next Story