बोधगया ब्लास्ट: भाजपा, राजद ने किया आज मगध में बंद
नई दिल्ली । बिहार के बोधगया मंदिर परिसर में हुए शृंखलाबद्ध बम विस्फोटों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय जनता दल(राजद)ने आज मगध में बंद का एलान किया है।
कल मंदिर में हुए बम धमाकों के बाद सभी विपक्षी दलों ने एक साथ राज्य मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सरकार पर हमला बोला। सभी दलों ने राज्य में संभावित आतंकवादी हमलों के बारे में खुफिया रिपोर्टों की अनदेखी करने का राज्य सरकार पर आरोप लगाया। इन धमाकों और नीतीश कुमार सरकार की धमाकों में रोकने की विफलता के विरोध में राजद और भाजपा ने रविवार को मगध संभाग में बंद का आह्वान किया है। भाजपा और राजद ने बिहार सरकार को कठघरे में लाते हुए सवाल किया कि आईबी की चेतावनी के बावजूद महाबोधि मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था क्यों नहीं बढ़ाई गई। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस बात पर जोर दिया कि उनके प्रशासन ने संभावित आतंकवादी हमले की अनदेखी नहीं की।
बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद विस्फोट की निंदा करते हुए कहा कि इस घटना से पूरे विश्व के बौद्ध मतावलंबी आहत हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में यह पहला आंतकवादी हमला है, जिसकी जानकारी पूर्व में थी, लेकिन बिहार और केंद्र सरकार ने क्यों सुरक्षा नहीं बढ़ाई। उन्होंने कहा कि महाबोधि मंदिर लगातार निशाने पर रहा है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण यहां यह घटना घटी।
वहीं, राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने कहा कि आईबी के सचेत करने के बाद भी राज्य सरकार ने सुरक्षा नहीं बढ़ाई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को इसका जवाब देना होगा, क्योंकि इस मंदिर की पहचान पूरे विश्व में है। इससे पर्यटन प्रभावित होगा। खासकर विदेशी बोधगया जाने से हिचकेंगे। यह चिंता का विषय है।