छत्तीसगढ़ में 'लालकिले' से रैली को संबोधित करेंगे मोदी
अम्बिकापुर | गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी छत्तीसगढ़ में लालकिले से रैली को संबोधित करेंगे। यह लालकिले का मॉडल है, जोकि उनके सम्बोधन के लिए खासतौर पर छत्तीसगढ़ के आदिवासी बाहुल्य सरगुजा जिला मुख्यालय पर तैयार किया गया है। राज्य के मुख्यमंत्री रमन सिंह की लगभग छह हजार किलोमीटर की 81 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरने वाली विकास यात्रा का यहां समापन होगा। इस मौके पर आयोजित जनसभा में भाजपा चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष नरेन्द्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह राज्य में इस वर्ष के अन्त में होने वाले विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान का शंखनाद करेंगे। अम्बिकापुर शहर के पीजी मैदान में आयोजित होने वाली समापन सभा के लिए पहले पार्टी अध्यक्ष सिंह को आमंत्रित किया गया था, पर बाद में मोदी को भी इस कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया। मोदी के इस कार्यक्रम को अलग रूप देने के लिए सरकार एवं पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है।
प्रधानमंत्री बनने के सपने नही देखने के बयान के ठीक दूसरे दिन लालकिले के मॉडल से मोदी का सम्बोधन देश में राजनीतिक सन्देश देने की कोशिशों के रूप में भी जानकार देख रहे है। इस मॉडल को तैयार करने में मिली जानकारी के अनुसार दो करोड़ से ज्यादा रुपये खर्च किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार लालकिले का मॉडल तैयार करने समेत पूरी व्यवस्था पर लगभग 500 लोग लगभग 15 दिनों से लगे हुए थे। डोम एवं कुछ अन्य व्यवस्थाओं का ठेका तो रायपुर की किसी कम्पनी ने लिया है, पर पूरा काम गुजरात की कम्पनी द्वारा किया जा रहा है। बड़ी संख्या में गुजरात के लोग भी यहां डटे हुए हैं।