देशभर में आर्गेनिक कृषि को बढ़ावा दे रही है सरकार
नई दिल्ली | केंद्र सरकार देशभर में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आर्गेनिक कृषि को बढ़ावा दे रही है और इसके लिए विभिन्न योजनाएं चलाई गई हैं। कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने लोकसभा में एक सवाल के लिखित जवाब देते हुए बताया कि सरकार राष्ट्रीय सतत कृषि मिशन, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, समेकित बागवानी विकास मिशन, आर्गेनिक खेती नेटवर्क परियोजना और राष्ट्रीय आर्गेनिक उत्पादन कार्यक्रम के तहत विभिन्न योजनाओं के जरिए पहाड़ी क्षेत्रों सहित पूरे देश में आर्गेनिक खेती को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2011-12, 2012-13 और 2013-14 के दौरान आर्गेनिक खेती के अनुमानित क्षेत्रफल में वृद्धि हुई है। वर्ष 2011-12 में जहां आर्गेनिक खेती का क्षेत्रफल नहीं के बराबर था तो वहीं अब 2012-13 और 2013-14 में यह क्रमश: 5.04 लाख हेक्टेयर क्षेत्र से बढ़कर 7.23 लाख हेक्टेयर हो गया है। इसी प्रकार उत्पादन भी इन दोनों वर्षों में बढ़कर 13.41 लाख टन और 12.36 लाख टन रहा है। राधा मोहन सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय आर्गेनिक उत्पादन कार्यक्रम के तहत निर्यात की जाने वाली मुख्य आर्गेनिक फसलों में बासमती चावल, गेंहू, मक्का, गैर बासमती चावल, सोयाबीन, तिल, दलहन, गन्ना, बीज, मसाले, चाय, काफी और कपास आदि शामिल हैं।