यूपीए 2 का विदाई संबोधन है अंतरिम बजट: भाजपा

यूपीए 2 का विदाई संबोधन है अंतरिम बजट: भाजपा

नई दिल्ली | भारतीय जनता पार्टी का कहना है कि वित्त मंत्री पी. चिदंबरम का अंतरिम बजट यूपीए 2 का विदाई संबोधन मात्र है। भाजपा ने चिदंबरम पर प्रहार करते हुए कहा कि हावर्ड से पढ़ कर आए वित्त मंत्री अपने वादों को पूरा करने में विफल रहे हैं।
भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि अंतरिम बजट यूपीए का विदाई बजट है जिसने हमारी अर्थव्यवस्था को डूबा दिया। इस महंगे बजट को पढ़ने की अपेक्षा चिदंबरम को संसद में कांग्रेस का चुनावी घोषणापत्र पढ़ना चाहिए था। इस सरकार ने पिछले 10 सालों में बेरोजगारी, महंगाई और अर्थव्यवस्था और भ्रष्टाचार मिटाने के लिए कोई काम नहीं किया। अब जब जनता से विदाई लेने का समय आया तो यह मतदाताओं को रिझाने में लगी है।
भाजपा महासचिव अनंत कुमार ने कहा, यह तो सिर्फ विदाई का बजट है। इसका कोई मतलब नहीं है। इस सरकार ने हमेशा बड़ी-बड़ी घोषणाएं कीं और अमल में कुछ भी नहीं आया। इन घोषणाओं से कुछ हासिल नहीं होगा। ये वापस आने वाले नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 116 को देखें, तो अंतरिम बजट में सिर्फ खर्च के लिए राशि मांगने की बात है, लेकिन चिदंबरम ने काफी घोषणाएं कीं। चिदंबरम कठिन परिश्रम की बात करते हैं और उनके कठिन परिश्रम से 10 सालों में देश कंगाल हो गया। वह 'अनर्थशास्त्री' रहे हैं, जो देश की अर्थव्यवस्था से स्पष्ट होता है।
भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि यह चुनाव को ध्यान रखते हुए दिया गया विदाई का बजट है। सरकार ने बजट में दुनिया के बजट का उल्लेख किया है, लेकिन यह भूल गई की दुनिया के देशों का बजट काफी बड़ा है। हमारी अर्थव्यवस्था जिस रफ्तार से नीचे जा रही है, उसका आम लोगों पर काफी खराब प्रभाव पड़ रहा है। पूर्व वित्तमंत्री एवं भाजपा नेता जसवंत सिंह ने कहा कि यह अंतरिम बजट है और इसमें कुछ भी नया नहीं है।

Next Story