मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से होगा समस्याओं का समाधान: केशव

जनसमस्या निराकरण की दिशा में मप्र का अनूठा प्रयास

भिण्ड। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष केशव सिंह भदौरिया ने कहा है कि म.प्र. में सभी सुखी हों, निरोगी हों, सबका कल्याण हों, कोई दु:खी ना रहे, यही शासन व्यवस्था का ध्येय है। इसी की पूर्ति के लिए प्रदेश में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 प्रारंभ की गई है जिससे जनता की जनसमस्याओं का निराकरण किया जाएगा। राज्य सरकार की यह योजना प्रदेश में स्मरणीय बनेगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष केशव सिंह भदौरिया ने हेल्पलाइन योजना का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश की सुशासन व्यवस्था को अधिक चुस्त-दुरुस्त और जनहित में सक्रिय करने की ऐतिहासिक पहल करते हुए गत दिवस भोपाल में यहां मुख्यमंत्री हेल्पलाइन का लोकार्पण किया। देश में अपने तरह की अनूठी इस हेल्पलाइन से प्रदेश के विभिन्न विभाग के पांच हजार अधिकारी-कर्मचारियों को जोड़ा गया है। ये अधिकारी इस हेल्पलाइन से प्राप्त समस्याओं का निराकरण करेंगे। हेल्पलाइन के नि:शुल्क टोल नं.181 से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्राप्त की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि किसी प्रदेशवासी को अपनी समस्या के लिए भटकना न पड़े यह हेल्पलाइन जनहेतु-जनसेतु के रूप में कार्य करेगी। समस्या का पूर्ण निराकरण होने पर आवेदक की संतुष्टि के पश्चात ही यहां दर्ज किया गया प्रकरण बंद किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक शासन व्यवस्था का कर्तव्य है कि विकास करें, जन कल्याणकारी योजनाएं बनाएं और उनकी सबको जानकारी देकर बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। म.प्र. में इन तीनों पर लगातार ध्यान देने का ही परिणाम है कि कभी बीमारू कहा जाने वाले इस राज्य ने देश में ही नहीं विश्व में सर्वाधिक 24.99 प्रतिशत कृषि विकास दर और देश में सबसे अधिक 11.02 प्रतिशत विकास दर हासिल की है। सबकी समस्याओं के समय पर निराकरण, योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा के लिए परख, समाधान ऑनलाइन व लोकसेवा गारंटी अधिनियम जैसी व्यवस्थाएं लागू की गईं। चौहान ने अधिकारियों से कहा कि इस हेल्पलाइन को चुनौती के रूप में स्वीकार करते हुए अपनी दक्षता तथा कर्मठता का परिचय दें।


Next Story