चौहान की टीम में होंगे युवा चेहरे
भोपाल। सोमवार को समारोहपूर्वक अपना पदभार ग्रहण करने वाले भाजपा के नवनिुयक्त अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान की टीम में ज्यादातर युवा चेहरों को जगह दी जायेगी। ऐसा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की मंशा पर किया जा रहा है। नंदकुमार की नई टीम में बहुत ज्यादा परिवर्तन भले ही न हो पर रिक्त पदों पर युवाओं को तरजीह देना तय माना जा रहा है। संगठन में विश्वास सारंग और सांसद आलोक संजर को भी पद मिलना तय है तो सांसद गणेश सिंह और पूर्व विधायक नीता पटेरिया समेत कुछ पदाधिकारियों को पदोन्नति दी जा सकती है। चुनाव निकलने के बाद प्रवक्ताओं की संख्या कम की जा सकती है।
नंदकुमार सिंह को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और संगठन महामंत्री अरविंद मेनन की तिकड़ी की पसंद माना जाता है। उनकी नियुक्ति में संगठन महामंत्री अरविंद मेनन की भूमिका अहम रही है। जाहिर है कि नई कार्यकारिणी में मुख्यमंत्री और तोमर के अलावा मेनन का दबदबा ज्यादा रहेगा। तोमर की टीम में दस उपाध्यक्ष, संगठन महामंत्री को मिलाकर पांच महामंत्री और आठ मंत्री थे। इनमें महामंत्री माया सिंह, लाल सिंह आर्य, उपाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह, गौरीशंकर शेजवार और यशोधराराजे सिंधिया अब प्रदेश सरकार में मंत्री बन गये हैं। इनके खाली स्थानों पर जिन नेताओं को मौका दिया जायेगा उसमें अधिकांश युवा होंगे। इसके अलावा रघुनंदन शर्मा के दिल्ली में व्यस्त होने के कारण उनकी जगह नये व्यक्ति को मौका मिलेगा। संगठन सूत्रों की माने तो सांसद बनने से पहले पार्टी के कार्यालय मंत्री रहे आलोक संजर को संगठन में मंत्री बनाया जा सकता है तो पिछली कार्यकारिणी में प्रवक्ता का दायित्व संभालने वाले विश्वास सारंग को महामंत्री की जिम्मेदारी दी जा सकती है। संगठन में मंत्री नीता पटेरिया और सांसद गणेश सिंह में से किसी एक को महामंत्री पद पद पदोन्नत किया जायेगा।
वहीं महामंत्री का दायित्व निभा रहे जबलपुर के सांसद राकेश सिंह को इस बार उपाध्यक्ष बनाया जा सकता है। पूर्व विधायक और पार्टी प्रवक्ता विजेन्द्र सिंह सिसौदिया को नई टीम में उपाध्यक्ष पद की जिम्मेवारी मिलने की संभावना है। पार्टी के चुनाव प्रबंधन का काम देखने वाले पूर्व मुख्य प्रवक्ता विजेश लूनावत को भी नई टीम में स्थान मिलने की संभावना है। उन्हें उपाध्यक्ष पद की जिम्मेवारी दी जा सकती है। नई टीम के बारे में पूछे जाने पर चौहान का कहना था कि वे सीएम और अन्य नेताओं से विचार-विमर्श कर जल्द अपनी टीम को आकार देंगे।
कम होगी प्रवक्ताओं की संख्या
विधानसभा चुनावों को देखते हुए नरेन्द्र सिंह तोमर ने अपनी टीम में चार प्रवक्ता बनाये थे अब इनकी संख्या कम हो सकती है। पिछली टीम में विजेन्द्र सिंह, विश्वास सारंग, दीपक विजयवर्गीय और रामेश्वर शर्मा प्रवक्ता थे। इस बार इनकी संख्या घटकर दो रहने की उम्मीद है। पिछले साढ़े चार सालों से प्रदेश मीडिया प्रभारी का काम देख रहे डाक्टर हितेष वाजपेई को प्रवक्ता या प्रदेश मंत्री बनाया जा सकता है।
आज आएंगे नंदकुमार चौहान
भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चाौहान कल भोपाल आयेंगे। उनके आगमन पर भाजपा उनका जोरदार स्वागत करेगी। जिला भाजपा अध्यक्ष आलोक शर्मा ने बताया कि श्री चौहान कल दोपहर शताब्दी एक्सप्रेस से भोपाल आयेंगे। उन्होंने बताया कि उन्हें रैली के साथ प्रदेश कार्यालय लाया जायेगा। इसके लिये पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्टेशन से लेकर सात नंबर स्टाप तक जगह-जगह मंच बनाकर उनके स्वागत की तैयारी की है। इस अवसर पर ढोल-ढमाकों के साथ जमकर आतिशबाजी भी की जायेगी। श्री चौहान के स्वागत की तैयारियों को लेकर आज जिला भाजपा ने एक बैठक भी आयोजित की।