दिल्ली में सरकार बनाने पर फैसला पार्टी करेगी: राजनाथ
नई दिल्ली | दिल्ली में सरकार बनाने की हलचल के बीच गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी इस मुद्दे पर फैसला करेगी। दिल्ली में पार्टी मामलों के चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने राजनाथ से मुलाकात की।इसके बाद राजनाथ ने कहा कि पार्टी फैसला करेगी। वह दिल्ली के उप राज्यपाल नजीब जंग द्वारा राजधानी में सरकार बनाने के लिए भाजपा को आमंत्रण देने की सिफारिश वाली केंद्र को भेजी गई रिपोर्ट पर जवाब दे रहे थे। गृह मंत्री ने कहा कि उपराज्यपाल की रिपोर्ट अभी उनके पास नहीं आई है। हालांकि, आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि उप राज्यपाल ने सबसे बड़ी पार्टी से मशविरा कर सरकार के गठन की संभावनाएं तलाशने की अनुमति मांगी है। भाजपा के पास 70 सदस्यीय सदन में 28 सीटें हैं। इसके सहयोगी अकाली दल के पास एक सीट है। गृह मंत्री के साथ इस मुलाकात के बाद गडकरी ने कहा कि भाजपा किसी खरीद फरोख्त में शामिल नहीं होगी। वरिष्ठ पार्टी नेताओं का मानना है कि उप राज्यपाल को सबसे बड़ी पार्टी को आमंत्रित करना चाहिए। भाजपा नेता प्रभात झा, जो पार्टी उपाध्यक्ष और दिल्ली राज्य प्रभारी हैं, ने भी गृह मंत्री से मुलाकात की।