यूरोप ने हटाया भारतीय आमों से प्रतिबंध

नई दिल्ली | यूरोप के लोग एक बार फिर भारत के रसीले फल आमों का स्वाद चख सकेंगे। दरअसल, यूरोपीय संघ (ईयू) ने भारतीय आमों पर आयात लगा प्रतिबंध को हटा लिया। हालांकि चार सब्जियों बैंगन, करेला, अरबी और चिचड़ा पर पाबंदी लगी रहेगी।
हाल ही में ईयू की एक समिति ने भारतीय आम से प्रतिबंध हटाने के पक्ष में मतदान किया। इसे यूरोपीय आयोग द्वारा प्रकाशित और स्वीकार करने के बाद भारत आमों का निर्यात फिर से कर सकेगा। इस प्रक्रिया में करीब एक महीने का वक्त लगेगा।
गौरतलब है गत वर्ष मई में ईयू ने भारतीय आमों में कीट मिलने का आरोप लगाते हुए इनके आयात पर दिसंबर 2015 तक प्रतिबंध लगाने की कार्रवाई की थी। यूरोपीय संघ का मानना था कि ये कीट फसलों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। ब्रिटेन ने ईयू के इस फैसले का स्वागत किया है। उसने दावा किया कि इसके लिए ब्रिटिश सरकार ने काफी प्रयास किए।
भारत स्थित ब्रिटिश उच्चायुक्त सर जेम्स बेवन के मुताबिक कहा, कि ब्रिटिश सरकार ने भारतीय फल आम से प्रतिबंध हटाने के लिए कठिन प्रयास किए। सितंबर 2013 में ईयू के निरीक्षण से पहले ब्रिटेन ने तकनीकी प्रशिक्षण के लिए भारत को विशेषज्ञों की सुविधा उपलब्ध कराई थी। यह भारत-ब्रिटेन और भारत-ईयू के बीच व्यापारिक रिश्तों के लिए अच्छी खबर है।

Next Story