चेम्बर होगा डिजीटल, सीसीटीवी कैमरे लगेंगे
कार्यकारिणी की बैठक में हुआ निर्णय
ग्वालियर। चेम्बर कार्यकारिणी की एक बैठक सोमवार को आयोजित की गई। इसमें 12 बिन्दुओं पर चर्चा की गई। जिसमें सभी बिन्दुओं पर चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि चेम्बर ऑफ कॉमर्स को डिजीटल बनाया जाएगा। जिसके अंतर्गत चेम्बर में 30 सीसीटीव्ही कैमरे, वाईफाई, फेस बुक पेज, सॉफ्ट वेयर का अपडेट होना एवं चेम्बर की बेवसाइट को डायनामिक बनाया जाना शामिल है। चेम्बर को डिजीटल होने में लगभग छह लाख का खर्चा आएगा। कार्यकारिणी की बैठक में चेम्बर अध्यक्ष अरविन्द अग्रवाल एवं मानसेवी सचिव डॉ. प्रवीण अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित थे।
चेम्बर इतिहास में पहली बार कार्यकारिणी की बैठक के पहले सरस्वती पूजन के साथ दुर्गाप्रसाद मण्डेलिया के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। बैठक में तय किया गया कि फिक्की की 88वीं वार्षिक साधारण सभा अधिवेशन में भाग लेने हेतु चेम्बर का प्रतिनिधि मण्डल जाएगा। जिसके यश गोयल, जगदीश मित्तल एवं सुरेश बंसल के साथ 5 लोग और भी शामिल हैं। कार्यकारिणी में तय किया गया कि चेम्बर सदस्यों के परिजन (महिला उद्यमियों) को कम्प्यूटर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। जिसके संयोजक जी.एल. भोजवानी को बनाया गया है। बैठक में तय किया गया कि खाली हुए समूह क्रमांक 48 के लिए एक बैठक को बुलाया जाएगा। जिसमें समूह के सदस्यों से दो लोगों के नाम मांगे जाएंगे। दो से अधिक नाम आने पर समूह के लिए निर्वाचन कराया जाएगा। इसी क्रम में समूह क्रमांक 35 के कार्यकारिणी सदस्य रामस्वरूप कुकरेजा के निधन के उपरांत उनके पुत्र को कार्यकारिणी सदस्य बनाने का निर्णय लिया है। नववर्ष मिलन समारोह हेतु यश गोयल का नाम तय किया गया है। आगामी 15 जनवरी के नववर्ष मिलन समारोह आयोजित होगा। बैठक में समूह क्रमांक 13 में उमेश उप्पल के स्थान पर केदार गुप्ता को कार्यकारिणी सदस्य माना गया है। इसी के साथ चेम्बर कर्मचारियों को निर्वाचन के अतिरिक्त कार्य के लिए डेढ़ माह का वेतन स्वीकृत किया गया है।
विजय गोयल ने जताई आपत्ति
चेम्बर के पूर्व मानसेवी सचिव एवं कार्यकारिणी सदस्य विजय गोयल ने चेम्बर डिजीटल को लेकर आपत्ति उठाई। श्री गोयल का कहना था कि पहले सदस्यों को इस तकनीकि की जानकारी दी जाए। अधिकतर चेम्बर सदस्य तो इंटरनेट तक चलाना नहीं जानते हैं। वह चेम्बर के डिजीटल होने का लाभ कैसे ले सकेंगे। इस दौरान कार्यकारिणी की बैठक में जोरदार हंगामा भी हुआ।
चेम्बर और नगर निगम के मध्य एम.ओ.यू. पर हुए हस्ताक्षर
भारत सरकार की स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत देश में चयनित 98 शहरों में से प्रथम वर्ष में 20 शहरों का चयन किया जाना है। इस हेतु केन्द्र सरकार के सम्मुख प्रथम वर्ष की सूची में ग्वालियर शहर की दावेदारी को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए नगर निगम एवं चेम्बर ऑफ कॉमर्स के मध्य एक एम.ओ.यू. पर हस्ताक्षर किए गए हैं। चेम्बर अध्यक्ष अरविन्द अग्रवाल एवं सचिव डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने संयुक्त रूप से बताया कि ग्वालियर शहर की दावेदारी को सुदृढ़ करने के लिए ग्वालियर के प्रतिष्ठित संस्थानों से नगर-निगम, ग्वालियर को सहयोग हेतु एम.ओ.यू. संपादित कर केन्द्र सरकार की ओर प्रेषित करना है। एम.ओ.यू. पर हस्ताक्षर नगर निगम आयुक्त अनय द्विवेदी एवं सचिव डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने किए।