छेडछाड का विरोध करने पर मां-बेटी को चलती बस से फेंका, बेटी की मौत
मोगा। पंजाब में बुधवार शाम चलती बस में मां-बेटी से छेडछाड का शिकार हो गई। छेडछाड का विरोध करने पर आरोपियों ने मां और बेटी को चलती बस से फेंक दिया। जिसके बाद बेटी की मौत हो गई। वहीं, मां भी गंभीर रूप से जख्मी हो गई। बस पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल की कंपनी की बताई गई है। घटना के करीब 12 घंटे बाद पुलिस ने गुरूवार सुबह हत्या का मामला तो दर्ज कर लिया लेकिन इस मामले में किसी गिरफ्तारी नहीं की जा सकी है। पंजाब कांग्रेस के प्रभारी शकील अहमद ने इस मामले तुरंत कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक मोगा से एक 35 साल की महिला अपनी 13 साल बेटी और बेटे के साथ बस में सवार हुई। सफर के दौरान बस के ड्राइवर, कंडक्टर और सहायक कंडक्टर ने महिला और उसकी बेटी से छेडछाड की। विरोध करने पर मां-बेटी को चलती बस से फेंक दिया। इसमें लडकी की मौत हो गई। महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, लेकिन उसकी हालत बयान देने लायक नहीं है। वहीं, उसका बेटा भी दहशत के कारण कुछ बताने में नाकाम बताया जा रहा है। फिलहाल, महिला को मोगा के सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है और मेडिकल जांच चल रही है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और कार्रवाई करने का आश्वासन दे रही है। कांग्रेस नेता शकील अहमद ने इस खबर पर प्रतिक्रिया जताते हुए कहा है, यह दुखद है।
बादल परिवार का बस का कारोबार है। किसी महिला और उसकी बच्ची के साथ ऎसी घटना अमानवीय अपराध है। ये आरोपी सरकार के अपने हैं इसलिए पीडित को न्याय मिलेगा मुझे यह संदेह है।