चाची की गोली मारकर हत्या
ग्वालियर। तिघरा थाना क्षेत्र के सौंजना गांव में एक अधेड़ महिला की उसी के भतीजों ने गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का कारण पानी भरने को लेकर मामूली विवाद बताया गया है। हत्या करने के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने हत्यारोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सौंजना गांव में रहने वाली 40 वर्षीय अधेड़ महिला सुनीता पत्नी ठाकुरदास कुशवाह का लेजम से पानी भरने को लेकर पड़ौस में रहने वाले जेठ के लड़कों से विवाद हो गया था। पहले दोनों पक्षों में विवाद हुआ तो जेठ के लड़कों ने सुनीता और उसके परिजनों की मारपीट कर दी। मारपीट की घटना के बाद सुनीता अपने पति को साथ लेकर तिघरा थाने शिकायत दर्ज कराने पहुंची। मारपीट करने वाले जेठ के लड़कों के विरुद्ध थाने में रिपोर्ट लिखवाने एवं चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद शाम करीब 6 बजे जब वह अपने घर वापस लौटी तो दरवाजे पर ही जेठ के दोनों लड़के लायकराम कुशवाह और औतार कुशवाह खड़े मिल गए। फरियाद पक्ष के अनुसार इन दोनों के हाथ में बंदूकें थीं। एक बंदूक इनकी लायसेंसी है जबकि दूसरी अवैध थी। दोनों भाईयों ने सुनीता और उसके पति ठाकुरदास पर गोलियां चला दीं। इनमें एक गोली सुनीता की कमर में लगी। गोली लगते ही सुनीता घटना स्थल पर ही गिर पड़ी तो आरोपी घर छोड़कर भाग निकले। परिजन तुरंत सुनीता को अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मिली सूचना पर पुलिस घटना स्थल एवं अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव विच्छेदन गृह में रखवाकर हत्यारोपियों के विरुद्ध हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया। पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।